उत्तराखंड

पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार को पर्यावरणीय मंजूरी, 3,000 मीटर का होगा रनवे; बड़े विमानों की आवाजाही का रास्ता साफ

jantaserishta.com
19 Nov 2026 9:15 AM IST
पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार को पर्यावरणीय मंजूरी, 3,000 मीटर का होगा रनवे; बड़े विमानों की आवाजाही का रास्ता साफ
x
देहरादून: उत्तराखंड में हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार को पर्यावरणीय स्वीकृति मिल गई है। मुख्य सचिव की अध्यक्षता वाले राज्य पर्यावरण प्रभाव आकलन प्राधिकरण (SEIAA) ने परियोजना को मंजूरी प्रदान कर दी है। इसके साथ ही एयरपोर्ट के विस्तारीकरण का रास्ता साफ हो गया है। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) की लगभग 375.33 करोड़ रुपये की इस परियोजना के तहत पंतनगर एयरपोर्ट के रनवे की लंबाई 1,372 मीटर से बढ़ाकर 3,000 मीटर की जाएगी। इससे बड़े विमानों के संचालन की सुविधा विकसित हो सकेगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पर्यावरणीय स्वीकृति का स्वागत करते हुए इसे कुमाऊं क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि पंतनगर एयरपोर्ट का विस्तार क्षेत्र में हवाई कनेक्टिविटी को नई मजबूती देगा। इससे पर्यटन, उद्योग, व्यापार और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। साथ ही आपदा की परिस्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों के लिए भी बेहतर हवाई सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना की विशेषता यह है कि इसके लिए किसी परिवार को विस्थापित या पुनर्वासित नहीं करना पड़ेगा। परियोजना का निर्माण पर्यावरणीय मानकों और स्वीकृति की सभी शर्तों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करते हुए कराया जाएगा। राज्य सरकार केंद्र सरकार और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के साथ समन्वय बनाकर परियोजना को समयबद्ध ढंग से आगे बढ़ाएगी।
रनवे से लेकर टर्मिनल तक होगा व्यापक विस्तार
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण की प्रस्तावित परियोजना के तहत एयरपोर्ट के रनवे, टर्मिनल भवन, एप्रन, टैक्सीवे और अन्य संबद्ध सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। रनवे की लंबाई में 1,628 मीटर की वृद्धि होगी। इससे एयरपोर्ट पर बड़े विमानों के संचालन के लिए आवश्यक आधारभूत ढांचा विकसित होगा।
एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन का क्षेत्रफल भी 937 वर्ग मीटर से बढ़ाकर 9,437 वर्ग मीटर किया जाएगा। इसके लिए 8,500 वर्ग मीटर का नया निर्माण प्रस्तावित है। विमान पार्किंग के लिए एप्रन की क्षमता दो से बढ़ाकर सात पार्किंग स्थलों की होगी। वहीं टैक्सीवे और लिंक टैक्सीवे की संख्या भी एक-एक से बढ़ाकर दो-दो की जाएगी।
विस्तार के बाद एयरपोर्ट की वार्षिक यात्री प्रबंधन क्षमता लगभग 10.1 लाख यात्रियों की हो जाएगी। इससे कुमाऊं क्षेत्र में हवाई यात्रियों की बढ़ती संख्या और भविष्य की आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद मिलेगी।
321.48 हेक्टेयर में विकसित होगा एयरपोर्ट परिसर, किसी परिवार का नहीं होगा विस्थापन
विस्तार के बाद पंतनगर एयरपोर्ट का कुल क्षेत्रफल लगभग 321.48 हेक्टेयर हो जाएगा। इसमें 109.017 हेक्टेयर मौजूदा एयरपोर्ट भूमि तथा 212.46 हेक्टेयर अतिरिक्त गैर-वन भूमि शामिल है। परियोजना के लिए समतल कृषि एवं खुली भूमि का उपयोग प्रस्तावित है। इसके लिए किसी परिवार को विस्थापित अथवा पुनर्वासित नहीं करना पड़ेगा।
पर्यावरण संरक्षण और संसाधनों के पुनः उपयोग पर जोर
परियोजना में पर्यावरणीय प्रबंधन के लिए भी आवश्यक प्रावधान किए गए हैं। एयरपोर्ट की बिजली की अनुमानित मांग 1.6 मेगावाट तथा पानी की दैनिक आवश्यकता 154 किलोलीटर होगी। प्रतिदिन उत्पन्न होने वाले लगभग 136 किलोलीटर गंदे पानी के शोधन के लिए 165 किलोलीटर प्रतिदिन क्षमता का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किया जाएगा। शोधित जल का उपयोग फ्लशिंग और बागवानी जैसे कार्यों में किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त 72 किलोवाट क्षमता का नया सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किया जाएगा, जिससे एयरपोर्ट की कुल सौर ऊर्जा क्षमता 160 किलोवाट से बढ़कर 232 किलोवाट हो जाएगी। मौजूदा डीजी सेटों के अतिरिक्त 1,010 केवीए क्षमता के तीन नए डीजी सेट भी लगाए जाएंगे।
एयरपोर्ट परिसर में वर्तमान 48.19 हेक्टेयर हरित क्षेत्र के अतिरिक्त लगभग पांच हेक्टेयर नया हरित क्षेत्र विकसित करने का प्रस्ताव है।
पर्यावरणीय पहलुओं के परीक्षण के बाद मिली मंजूरी
परियोजना को पर्यावरणीय स्वीकृति राज्य स्तरीय पर्यावरण प्रभाव मूल्यांकन समिति (SCEIA) की संस्तुति के आधार पर प्रदान की गई है। समिति ने 7 अक्टूबर और 3 नवंबर 2026 को आयोजित बैठकों में प्रस्ताव का परीक्षण किया। 3 नवंबर को देहरादून स्थित गौरा देवी पर्यावरण भवन में हुई बैठक में परियोजना की पर्यावरण प्रभाव आकलन रिपोर्ट, जन सुनवाई की कार्यवाही, पर्यावरण प्रबंधन योजना और संभावित पर्यावरणीय प्रभावों की समीक्षा की गई। इसके बाद निर्धारित शर्तों के साथ स्वीकृति की संस्तुति की गई।
परियोजना के लिए 19 सितंबर 2025 को संदर्भ शर्तें (ToR) जारी की गई थीं। 10 मार्च 2026 को उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा जन सुनवाई आयोजित की गई। इसके बाद 29 जून 2026 को भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण ने PARIVESH पोर्टल पर अंतिम पर्यावरण प्रभाव आकलन (EIA) रिपोर्ट के साथ प्रस्ताव प्रस्तुत किया।
विमानन सुरक्षा और पर्यावरणीय मानकों का करना होगा अनुपालन
पर्यावरणीय स्वीकृति के साथ विमानन सुरक्षा से जुड़ी शर्तें भी निर्धारित की गई हैं। निर्माण कार्य अनुमोदित एयरपोर्ट लेआउट और सक्षम विमानन प्राधिकरणों की अनुमति के अनुरूप किया जाएगा। सभी निर्माण संरचनाओं, लाइटों और क्रेनों की ऊंचाई विमानन सुरक्षा एवं अवरोध सीमा से जुड़े निर्धारित मानकों के अनुरूप रखनी होगी। चालू रनवे, टैक्सीवे और एप्रन के आसपास निर्माण के दौरान निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन करना होगा। रनवे पर मलबा अथवा बाहरी वस्तुएं (FOD) न पहुंचें, इसके लिए भी प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी।
पंतनगर एयरपोर्ट का यह विस्तार उत्तराखंड के कुमाऊं क्षेत्र में हवाई संपर्क को नई ऊंचाई देने के साथ पर्यटन, औद्योगिक निवेश, व्यापार और क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story