कांगड़ा में जाम से राहत की कवायद, मटौर चौक पर बदली यातायात व्यवस्था

धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा स्थित मटौर चौक पर बढ़ते यातायात दबाव और जाम की समस्या को देखते हुए जिला मजिस्ट्रेट हेमराज बैरवा ने यातायात व्यवस्था में अस्थायी बदलाव के आदेश जारी किए हैं। नई व्यवस्था तत्काल प्रभाव से आगामी आदेशों तक लागू रहेगी।
पालमपुर, बैजनाथ और आसपास के क्षेत्रों से कांगड़ा आने वाली लंबी दूरी की बसों, वोल्वो बसों तथा भारी मालवाहक वाहनों को कांगड़ा बाईपास से बस स्टैंड भेजा जाएगा। वहीं, कांगड़ा से धर्मशाला जाने वाले इन वाहनों को बाईपास, फोरलेन, 53 मील और योल के रास्ते डायवर्ट किया जाएगा।
इसके अलावा टांडा बाईपास से तहसील चौक तक वन-वे यातायात व्यवस्था लागू की जाएगी। जिला मजिस्ट्रेट ने पुलिस को पर्याप्त जवानों की तैनाती, साइन बोर्ड और बैरिकेड लगाने के निर्देश दिए हैं। एंबुलेंस और अग्निशमन वाहनों सहित आपातकालीन सेवाओं के लिए निर्बाध रास्ता सुनिश्चित करने को भी कहा गया है।





