उत्तराखंड

विद्युत आपूर्ति ठप होने से ग्रामीणों की बड़ी मुश्किलें

Admin Delhi 1
10 Feb 2023 9:56 AM GMT
विद्युत आपूर्ति ठप होने से ग्रामीणों की बड़ी मुश्किलें
x

गरमपानी: बेतालघाट ब्लॉक के जाख गांव में पिछले दस दिनों से विद्युत आपूर्ति ठप होने से ग्रामीणों का पारा चढ़ते ही जा रहा है। आपूर्ति ठप होने से नौनिहालों की पढ़ाई भी प्रभावित होती जा रही है। गांव के अंधेरे में डूबे होने से जंगली जानवरों का खतरा भी बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने जल्द आपूर्ति सुचारू किए जाने की मांग उठाई है।

जाख गांव में बीते दस दिनों से विद्युत आपूर्ति भंग है। उरेडा विभाग के ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी आने से व्यवस्था ठप है। गांव के करीब सौ से ज्यादा उपभोक्ताओं को विद्युत आपूर्ति ठप होने से तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार नौनिहालों की पढ़ाई प्रभावित हो चुकी है। चारों ओर अंधेरा होने से जंगली जानवरों का खतरा भी बढ़ता ही जा रहा है। कई दिन बीतने के बावजूद आपूर्ति सूचारु नहीं की जा रही है। जिस कारण गांव के लोग परेशानी का सामना करने को मजबूर हैं।

कई बार आवाज उठाए जाने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही। स्थानीय चंदन सिंह नेगी, संतोष सिंह, जीवन सिंह, नैन सिंह, सुरेंद्र सिंह, इंदर साह, नर सिंह आदि ने तत्काल विद्युत आपूर्ति सुचारू किए जाने की मांग उठाई है। उरेडा विभाग के अवर अभियंता एसआर गौतम के अनुसार ट्रांसफार्मर को मरम्मत के लिए रामपुर (उत्तर प्रदेश) भेजा जा चुका है। मरम्मत में तेजी के निर्देश दिए गए हैं। प्रयास किया जा रहा है कि जल्द आपूर्ति सुचारू की जा सके।

Next Story