उत्तराखंड

हरिद्वार में चालक ने अधिकारी को मारी गोली, बाल-बाल बची जान

Admindelhi1
23 Nov 2026 11:00 AM IST
हरिद्वार में चालक ने अधिकारी को मारी गोली, बाल-बाल बची जान
x
हरिद्वार में सनसनीखेज वारदात, ड्राइवर ने अपने ही अफसर पर किया फायर

हरिद्वार: कनखल थाना क्षेत्र के विष्णु गार्डन में एक संविदा चालक ने अपने ही अधिकारी पर गोली चला दी। गनीमत रही कि गोली अधिकारी को छूकर निकल गई, जिससे उनकी जान बच गई। घायल अधिकारी को उपचार के लिए एम्स में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 21 नवंबर को विष्णु गार्डन में गोली चलने की सूचना मिली थी। जांच में सामने आया कि संविदा चालक विनोद नेगी ने अपने अधिकारी चंद्रप्रकाश नौटियाल पर फायरिंग की थी।

आरोपी विनोद नेगी मूल रूप से पौड़ी गढ़वाल के यमकेश्वर तहसील स्थित जयहरी गांव का निवासी है और वर्तमान में कनखल के सर्वप्रिय विहार में रहता है।

पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने के लिए कार्यालय के फर्श पर पोछा लगाया। इसके बाद कपड़े बदलकर फरार होने की तैयारी कर रहा था, लेकिन पुलिस ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह वर्ष 2006 से कार्यालय में चालक के पद पर कार्यरत था। पिछले चार-पांच महीनों से अधिकारी के साथ उसका विवाद चल रहा था। अधिकारी की टोका-टाकी और कथित परेशानी से नाराज होकर उसने गोली चलाई।

पुलिस ने घायल अधिकारी चंद्रप्रकाश नौटियाल की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की है।

Next Story