उत्तराखंड

डीएम ने सेल्टा चापड़ की ग्राम प्रधान को किया पदमुक्त

Admin Delhi 1
1 Oct 2022 2:42 PM GMT
डीएम ने सेल्टा चापड़ की ग्राम प्रधान को किया पदमुक्त
x

अल्मोड़ा न्यूज़: सेल्टा चापड़ गांव की ग्राम प्रधान को डीएम ने पदमुक्त कर दिया है। तीन बच्चे होने पर नोटिस दिए जाने के बाद भी प्रधान की कुर्सी ना छोड़ने पर जिलाधिकारी वंदना सिंह ने लमगड़ा ब्लॉक के सेल्टा चापड़ गांव की ग्राम प्रधान को पदमुक्त कर दिया है। जबकि स्याल्दे विकास खंड के कफलगांव के प्रधान को भी तीन बच्चे होने पर पदमुक्त करने की कार्रवाई चल रही है। करीब तीन साल पहले हुए पंचायत चुनावों में लागू नियम के अनुसार दो से अधिक बच्चे होने पर कोई भी व्यक्ति त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव नहीं लड़ सकता था। जिसके बाद उस समय सभी योग्य प्रत्याशियों ने पंचायत के चुनाव लड़े थे। लेकिन पंचायत चुनावों में जीत के बाद सेल्टा चापड़ की ग्राम प्रधान रेखा देवी ने तीसरे शिशु को जन्म दिया। शिकायत पर मामले की जांच की गई और बीते दिनों रेखा देवी को प्रशासन की ओर से नोटिस जारी किया गया। लेकिन ग्राम प्रधान द्वारा नोटिस का कोई जवाब नहीं दिया गया। जिसके बाद कार्रवाई करते हुए अब डीएम ने रेखा देवी को ग्राम प्रधान पद से मुक्त कर दिया है। इसी प्रकार स्याल्दे ब्लॉक के कफलगांव के ग्राम प्रधान विनोद कुमार के घर में भी चुनाव जीतने के बाद उनका तीसरा शिशु जन्मा है। जिसके बाद विभाग उन्हें भी पद छोडने के लिए नोटिस दे चुका है। लेकिन विनोद कुमार द्वारा एक भी नोटिस रिसीव नहीं किया गया है।

प्रधान विनोद कुमार का कहना है कि नामांकन के समय उन्होंने इस प्रकार का कोई शपथ पत्र नहीं दिया था कि तीसरी संतान होने के बाद वह पद छोड़ देंगे। इधर डीपीआरओ गोपाल सिंह चौहान ने कहा है कि पूर्व में सेल्टा चापड़ की ग्राम प्रधान को जिलाधिकारी के निर्देश के बाद पदमुक्त कर दिया गया है। साथ ही प्रशासन अब कफलगांव के प्रधान विनोद कुमार को पदमुक्त करने की कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने बताया कि जिले में इससे पूर्व दो प्रधान तीन संतान होने पर स्वत: त्यागपत्र दे चुके हैं।

Next Story