उत्तराखंड

मंडलस्तरीय अधिकारी दीर्घकालीन योजनाएं बनाएं: राज्यपाल सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह

Admin Delhi 1
19 Jun 2022 1:23 PM GMT
मंडलस्तरीय अधिकारी दीर्घकालीन योजनाएं बनाएं: राज्यपाल सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह
x

देवभूमि उत्तराखंड न्यूज़: उत्तराखंड के राज्यपाल सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह नैनीताल प्रवास के उपरांत रविवार को देहरादून के लिए रवाना हो गए। इससे पूर्व राज्यपाल से नैनीताल राजभवन में कुमाऊं मंडल के प्रशासनिक अधिकारियों ने मुलाकात की। इस दौरान राज्यपाल ने अधिकारियों के साथ बैठक कर कुमाऊं मंडल और नैनीताल जिले के विकास एवं अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कुमाऊं मंडल के आयुक्त दीपक रावत और डीआईजी डॉ. नीलेश आनंद भरणे से नैनीताल में अवस्थापना सुविधाओं एवं अन्य विकास परक कार्यों के लिए दीर्घकालिक योजनाएं बनाने एवं जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से तात्कालिक योजनाओं पर काम करने को कहा। उन्होंने मल्टीलेवल पार्किंग और टनल पार्किंग की संभावनाओं पर विचार करने को कहा।

राज्यपाल ने कहा कि नैनीताल में पर्यटकों की संख्या दिन-प्रतिदिन बढ़ रही है। इसको देखते हुए अवस्थापना सुविधाओं, पार्किंग, रोड कनेक्टिविटी, नैनी झील की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि पर्यटन को आधुनिकीकरण से जोड़ते हुए मूल्य वृद्धि करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि नैनीताल के सभी स्टेक होल्डर के साथ विचार-विमर्श करते हुए पार्किंग, यातायात व रोड कनेक्टिविटी की समस्याएं मुख्य रूप से सामने आयीं हैं। इन सभी पर कार्य करने की जरूरत है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को कुमाऊं मंडल में नशावृत्ति और बुरी आदतों को रोकने को ठोस कदम उठाने के निर्देश भी दिए। पर्यटकों के लिए नैनीताल में किये जा रहे सौंदर्यीकरण कार्य की सराहना करते हुए उन्होंने अन्य स्थानों पर भी इस तरह के कार्यों को बढ़ावा देने को कहा। राज्यपाल ने अपने भ्रमण के दौरान देखी व्यवस्थाओं पर संतोष जताते हुए सभी प्रशासनिक अधिकारियों का धन्यवाद किया।

Next Story