उत्तराखंड

पीएम मोदी की 25 साल की राष्ट्रसेवा को धामी ने किया याद

Admindelhi1
12 Oct 2026 7:30 PM IST
पीएम मोदी की 25 साल की राष्ट्रसेवा को धामी ने किया याद
x
प्रधानमंत्री ने 25 साल तक राष्ट्रसेवा को रखा सर्वोपरि: धामी

हरिद्वार: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार प्रमुख के रूप में 25 वर्ष की निरंतर राष्ट्रसेवा, सुशासन, संकल्प और राष्ट्र प्रथम की भावना का प्रतीक है। उन्होंने सदैव राष्ट्रनीति को राजनीति से ऊपर रखा है।

धामी हरिद्वार में आयोजित कैबिनेट बैठक के बाद पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने सोमवार को कैबिनेट से पहले मंत्रिमंडल के साथ हरकी पैड़ी पर मां गंगा का पूजन कर प्रधानमंत्री के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की। पत्रकारों से वार्ता करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में राजनीतिक यात्रा शुरू की थी। उनके नेतृत्व में भारत विकास, आत्मनिर्भरता और वैश्विक मंच पर मजबूत हुआ है। उत्तराखंड को उनके कार्यकाल में अनेक विकास परियोजनाओं की सौगात मिली, जिसके प्रति आभार व्यक्त करने के लिए गंगा पूजन किया गया। मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड की जनता की ओर से प्रधानमंत्री को बधाई दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत ने आर्थिक शक्ति के रूप में पहचान मजबूत की है। रक्षा, विज्ञान, नवाचार, खेल और अंतरिक्ष में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल हुई हैं।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने हमेशा समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति के कल्याण को प्राथमिकता दी। युवाओं के लिए स्टार्टअप और कौशल विकास, महिलाओं के लिए लखपति दीदी और ड्रोन दीदी जैसी पहल शुरू हुईं। जनधन, उज्ज्वला,9 पीएम आवास, आयुष्मान भारत, जल जीवन मिशन और एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय जैसी योजनाओं से करोड़ों लोगों के जीवन में बदलाव आया।

रक्षा क्षेत्र पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने सेना की जरूरतों को प्राथमिकता दी। चार दशक बाद वन रैंक वन पेंशन लागू हुई। सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर से आतंकवाद के खिलाफ कड़ा संदेश गया। पहले भारत रक्षा सामग्री आयात करता था, अब निर्यात कर रहा है।

उत्तराखंड में विकास कार्यों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क, रेल, हवाई कनेक्टिविटी और धार्मिक पर्यटन को गति मिली है। ऑल वेदर रोड से चारधाम यात्रा सुगम हुई है और इस वर्ष अब तक 58 लाख से अधिक तीर्थयात्री आ चुके हैं। आदि कैलाश दौरे के बाद वहां तीर्थाटन बढ़ा है। हर्षिल से शीतकालीन यात्रा को बढ़ावा मिलने से वर्षभर पर्यटन की संभावनाएं मजबूत हुई हैं। माणा गांव को प्रथम गांव के रूप में पहचान दिलाने से सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन बढ़ा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सिलक्यारा सुरंग हादसे, धराली आपदा और सहस्रताल में फंसे पर्यटकों को निकालने जैसे कठिन समय में केंद्र ने पूरा सहयोग दिया। दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर से यात्रा समय घटकर ढाई घंटे रह गया है, भविष्य में हरिद्वार को भी जोड़ा जाएगा। हरिद्वार में दूसरे मेडिकल कॉलेज को शुरू करने के प्रयास हो रहे हैं। बदरीनाथ-केदारनाथ पुनर्विकास, केदारनाथ और हेमकुंड रोपवे तथा सौंग, जमरानी और लखवाड़ बांध परियोजनाओं को मंजूरी मिली है।

उन्होंने बताया कि राज्य में 2.25 लाख करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं पर काम चल रहा है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेललाइन तेजी से बन रही है। जौलीग्रांट से 45 से अधिक विमान सेवाएं संचालित हैं, पंतनगर एयरपोर्ट विस्तार पर काम चल रहा है। किच्छा में एम्स के सैटेलाइट सेंटर की तैयारी है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री 28 से अधिक बार उत्तराखंड आ चुके हैं और विदेश दौरों में राज्य के उत्पादों को उपहार देकर स्थानीय संस्कृति को वैश्विक पहचान दिलाई है।

Next Story