देवभूमि उत्तराखंड: वेतन को लेकर नगर पालिका कर्मियों की हड़ताल स्थगित

नैनीताल न्यूज़ : वेतन को लेकर पालिका कर्मचारियों की गत 22 फरवरी से चल रही हड़ताल शनिवार से स्थगित हो गई है। नगर पालिकाध्यक्ष सचिन नेगी व अधिशासी अधिकारी अशोक कुमार वर्मा के साथ हुई वार्ता के बाद लिखित आश्वासन मिलने पर आंदोलित पालिका कर्मियों ने आंदोलन स्थगित करने की घोषणा की। इससे बाद नगर में पटरी से उतरी सफाई एवं अन्य व्यवस्थाएं शनिवार से सुचारू होने की उम्मीद बन गई है। समझौता पत्र के अनुसार पालिका के स्थायी कर्मचारियों को 7वें वेतन एवं तीन प्रतिशत महंगाई भत्ते के एरियर एवं पर्यावरण मित्रों को शासन से प्रदत्त कोविड प्रोत्साहन राशि का का पूर्ण भुगतान किया जाएगा। इसके अलावा स्थायी, आउटसोर्स कर्मचारियों को 10 मार्च तक तीन माह का वेतन शासन से मिलने पर करने एवं स्थायी कर्मचारियों के वेतन भुगतान के समय ही संविदा व आउटसोर्स कार्मिकों को भी वेतन का भुगतान करने एवं किसी भी कर्मी का कार्य बहिष्कार करने के लिए शोषण नहीं किया जाएगा। इस दौरान कर्मचारियों ने प्रदर्शन भी किया।





