उत्तराखंड

देवभूमि उत्तराखंड को 70 साल में पहली बार मिली तीरंदाजी में मेजबानी

Admin Delhi 1
14 Dec 2022 1:59 PM GMT
देवभूमि उत्तराखंड को 70 साल में पहली बार मिली तीरंदाजी में मेजबानी
x

देवभूमि देहरादून न्यूज़: पुलिस लाइन, देहरादून में बुधवार को 11वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी चैंपियनशिप 2022 का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भव्य शुभारंभ किया।

इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि अखिल भारतीय पुलिस खेल- अखिल भारतीय पुलिस खेल नियंत्रण बोर्ड द्वारा समन्वित किए जाते हैं और विभिन्न खेलों के लिए हर साल आयोजित किये जाते हैं। इन खेलों का इतिहास लगभग 70 साल पुराना है। अखिल भारतीय पुलिस खेलों का पहला संस्करण 1951 में आयोजित किया गया था। तीरंदाजी को वर्ष 2013 से बोर्ड द्वारा वार्षिक पुलिस खेलों की सूची में शामिल किया गया था।

डीजीपी कुमार के अनुसार, यह गर्व की बात है कि उत्तराखंड राज्य पहली बार ऑल इंडिया पुलिस तीरंदाजी चैंपियनशिप की मेजबानी करने जा रहा है। हालांकि इससे पूर्व भी उत्तराखंड पुलिस ने वाटर स्पोर्ट्स, बैडमिंटन, टेनिस, फुटबॉल और एथलेटिक्स की सफलतापूर्वक मेजबानी की है। ऑल इंडिया स्पोर्ट्स की किसी भी प्रतियोगिता का आयोजन करवाना एक बड़ी जिम्मेदारी का काम होता है। 19 दिसंबर कुल 6 दिन तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में 26 प्रदेशों एवं केंद्र शासित प्रदेशों एवं पैरामिलिट्री की टीमें प्रतिभाग कर रही हैं, जिसमें कुल 316 प्रतियोगी हैं। उम्मीद करते हैं कि इस बार की प्रतियोगिता में देहरादून की पुलिस लाइन कुछ नए रिकॉर्ड्स की भी साक्षी बने।

ये टीमें कर रहीं प्रतिभाग: चैंपियनशिप में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, राज्य पुलिस बलों और केंद्रीय पुलिस संगठनों की 26 टीमें (आन्ध्र प्रदेश, असम, बिहार, छत्तीसगढ़, हरियाणा, मेघालय, ओडिशा, पंजाब, राजस्थान, तमिलनाडू, झारखंड, महाराष्ट्र, मनिपुर, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, नागालैंड, गुजरात, उत्तराखंड, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, बीएसएफ, आईटीबीपी, सीआरपीएफ, एसएसबी एवं असम राइफल्स) हिस्सा ले रही हैं।

चैंपियनशिप में 316 पुरुष और महिला तीरंदाज तीरंदाजी की विभिन्न श्रेणियों- रिकर्व, कंपाउंड और भारतीय वर्गों एवं रैंकिंग सहित पदक/व्यक्तिगत/टीम और मिश्रित आदि स्पर्धाओं में भाग लेंगे। प्रतियोगिता में अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित राजस्थान के पुलिस उपाधीक्षक रजत चौहान, ईशम्बी देवी, हिमानी बोरा, भाग्यवती चानू, प्राची सिंह, सर्वेश पारिख, आशारानी, पवन खालको आदि कई राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी भी प्रतिभाग कर रहे हैं। तीरंदाजी चैंपियनशिप की आयोजन समिति के सचिव मुख्तार मोहसिन, (डीआईजी/निदेशक यातायात) ने अच्छा प्रदर्शन करने के लिए सभी टीमों को शुभकामनाएं दीं।

Next Story