
x
एशियन शॉर्ट ट्रैक ट्रॉफी में धामी बोले उत्तराखंड बनेगा खेलों का केंद्र
देहरादून: उत्तराखंड अब अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में आयोजित एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी 2026 के उद्घाटन समारोह में कहा कि देवभूमि में विश्वस्तरीय खेल सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, जिससे प्रदेश अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है।
महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में मुख्यमंत्री धामी ने देश और विदेश से पहुंचे खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अधिकारियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के लिए यह गौरव का अवसर है कि प्रदेश को एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग जैसे प्रतिष्ठित आयोजन की मेजबानी करने का मौका मिला है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं होते, बल्कि अनुशासन, समर्पण, मेहनत और खेल भावना ही खिलाड़ी की असली पहचान होती है। उन्होंने खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन करने और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की अपील की।
सीएम धामी ने कहा कि इस तरह के अंतरराष्ट्रीय आयोजन उत्तराखंड को विंटर स्पोर्ट्स और आइस स्पोर्ट्स के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने में मदद करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में खेल पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं और सरकार इसे बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में खेल सुविधाओं को मजबूत करने के लिए कई योजनाओं पर काम चल रहा है। स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान के तहत प्रदेश के आठ प्रमुख शहरों में 23 खेल अकादमियां स्थापित करने की योजना है। इसके अलावा हल्द्वानी में प्रदेश के पहले खेल विश्वविद्यालय की स्थापना की दिशा में भी काम आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष उत्तराखंड में 38वें राष्ट्रीय खेलों का सफल आयोजन किया गया, जिससे प्रदेश में आधुनिक खेल इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार हुआ है। इसी आधार पर अब उत्तराखंड बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजनों की मेजबानी करने में सक्षम हो रहा है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेल संस्कृति को मिल रहे प्रोत्साहन का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसे अभियानों से युवाओं में खेलों के प्रति उत्साह बढ़ा है और भारतीय खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं।
एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी 2026 में एशिया के कई देशों के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। यह प्रतियोगिता देहरादून में 17 से 20 अगस्त तक आयोजित की जा रही है। सीएम धामी ने कहा कि सरकार पारंपरिक खेलों के साथ-साथ वॉटर स्पोर्ट्स, एडवेंचर स्पोर्ट्स, विंटर स्पोर्ट्स और आइस स्पोर्ट्स को भी बढ़ावा दे रही है। उनका लक्ष्य उत्तराखंड को देश ही नहीं बल्कि दुनिया के खिलाड़ियों के लिए पसंदीदा खेल प्रशिक्षण और आयोजन केंद्र बनाना है।
अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी से उत्तराखंड को खेल क्षेत्र में नई पहचान मिलने के साथ ही युवाओं को भी बेहतर अवसर मिलने की उम्मीद है। एशियन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी को प्रदेश में खेल विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
Next Story





