उत्तराखंड

स्वतंत्रता दिवस के उल्लास में डूबा देवभूमि, पहाड़ से लेकर मैदान तक कार्यक्रम

Shantanu Roy
15 Aug 2022 6:17 PM GMT
स्वतंत्रता दिवस के उल्लास में डूबा देवभूमि, पहाड़ से लेकर मैदान तक कार्यक्रम
x
बड़ी खबर

देहरादून। उत्तराखंड में पहाड़ से लेकर मैदान तक 76वें स्वतंत्रता दिवस को सरकारी और गैर सरकारी संस्थाओं में पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। देश भक्ति गीतों से वातावरण और गगनभेदी नारों से आसमान गुंजायमान है। स्वतंत्रता दिवस पर्व के उल्लास में पूरा प्रदेश डूबा हुआ है। हर तरफ देशभक्ति के तराने गूंज रहे हैं और रंगारंग कार्यक्रम हो रहे हैं। सोमवार को आकाश में बादलों के डेरा होने से मौसम खुशनुमा था। इससे स्वतंत्रता दिवस का उत्साह और दोगुना हो गया। स्कूल, सरकारी संस्थाओं और प्रतिष्ठानों में झंडारोहण कर प्रभात फेरी निकाली गई। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

आरएसएस प्रांत कार्यालय पर ध्वजारोहण हुआ
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तिलक रोड स्थित प्रांत कार्यालय पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रचारक प्रमुख जगदीश और देहरादून के भाग संघचालक राजेश बक्शी ने संयुक्त रूप से झंडोतोलन किया। इस दौरान वक्ताओं ने स्वतंत्रता संग्राम में शहीद वीर सपूतों को याद करते हुए उनको नमन किया। इस मौके पर प्रांत प्रचारक युद्धवीर, प्रांत व्यवस्था प्रमुख सुरेन्द्र मित्तल, सह व्यवस्था प्रमुख नीरज मित्तल, विभाग प्रचारक भगवती सहित अन्य प्रचारक और स्वयंसेवक मौजूद रहे।
कुर्बानियों की बदौलत हम आजाद भारत में सांस ले रहे हैं: करन माहरा
कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने पार्टी मुख्यालय राजीव भवन में ध्वजारोहण कर समस्त देश और राज्यवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। कांग्रेस सेवादल के कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान गाते हुए ध्वज को सलामी देकर मिष्ठान वितरण किया गया। सर्वप्रथम प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने स्व. राजीव गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उन्होंने कहा कि जिनकी कुर्बानियों की बदौलत हम आजाद भारत में सांस ले रहे हैं, हमें आजादी के उस मूल्य को समझना है। देश की आजादी में कांग्रेस का बड़ा योगदान रहा है।
अध्यक्ष माहरा ने गांधी पार्क स्थित गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान देहरादून की कैन्ट विधानसभा क्षेत्र में आयोजित भारत जोड़ो तिरंगा यात्रा में प्रतिभाग कर प्रदेशभर में कांग्रेस पार्टी द्वारा आयोजित 7 दिवसीय आजादी की गौरव यात्रा, भारत जोड़ो तिरंगा यात्रा का समापन किया। प्रदेश उपाध्यक्ष संगठन,प्रशासन मथुरादत्त जोशीए प्रदेश कोषाध्यक्ष आर्येन्द्र शर्मा, पूर्व विधायक राजकुमार, मीडिया पैनलिस्ट राजीव महर्षि, सुजाता पॉल, प्रदेश महामंत्री राजेन्द्र शाह, पी.के. अग्रवाल, डॉ. जसविन्दर सिंह गोगी, गोदावरी थापली, पूरण सिंह रावत, राजनैतिक मीडिया सलाहकार अमरजीत सिंह, राजेन्द्र भण्डारी, सुरेन्द्र रांगड़, आचार्य नरेशानन्द नौटियाल, मनीष नागपाल उपस्थित रहे।
हर घर पर लहरा रहा हैं तिरंगाः महेन्द्र भट्ट
बलबीर रोड स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट ने ध्वजारोहण किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आजादी के इस 75वीं वर्षगांठ को आजादी के अमृत महोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। अमृत महोत्सव के तहत आज उत्तराखंड ही नहीं देश के हर घर में तिरंगा लहरा रहा है। यह एक पार्टी का नहीं बल्कि सरकारी अभियान है। आज यह हर घर का जनअभियान बन गया है।
पुलिस मुख्यालय देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने ध्वजारोहण कर सभी को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। इसके उपरान्त उन्होंने स्वतंत्रता दिवस 2022 के अवसर पर पुलिस कर्मियों को उत्कृष्ट सेवा सम्मान चिन्ह, सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह प्रदान कर सभी पदक विजेताओं को बधाई दी।
पुलिस और युवा पीढ़ी को राष्ट्रविरोधियों से लड़ना होगा
इस मौके पर अशोक कुमार कहा कि अभी तक लगता था कि स्वतंत्रता दिवस जैसे सरकारी आयोजन है, लेकिन इस वर्ष देश का हर नागरिक आजादी के इस अमृत महोत्सव से जुड़ा। आज भी कुछ राष्ट्रविरोधी ताकतें सक्रिय हैं जो हमारे देश के खिलाफ छद्म युद्ध लड़ रही हैं और हमारे युवाओं को भटका रही हैं। ये ताकतें राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए सबसे बड़ा खतरा हैं। पुलिस और युवा पीढ़ी को इससे लड़ना है और देश को सक्षम और मजबूत बनाना है।
इस मौके पर अपर पुलिस महानिदेशक, प्रशासन अभिनव कुमार, अपर पुलिस महानिदेशक पुलिस दूरसंचार अमित सिन्हा, अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था वी मुरूगेशन, पुलिस महानिरीक्षक अभिसूचना एवं सुरक्षा.ए पी अंशुमान, सहित समस्त अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन शाहजहां जावेद अपर पुलिस अधीक्षक कार्मिक की ओर से किया गया।
पूरी ईमानारी से अपना कार्य करेंः जिलाधिकारी
जिलाधिकारी सोनिका ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट परिसर में ध्वजारोहण जनपद वासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी को अपने कर्तव्यों,दायित्वों का पालन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करने के लिए संकल्प लेना चाहिए। सभी राज्य और देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का उत्तराखंड राज्य को अग्रणी राज्य बनाने का जो लक्ष्य है उसे प्राप्त करने के लिए हम सभी को अपना योगदान देकर महत्वपूर्ण भूमिका निभानी है।
इस मौके पर अपर नगर मजिस्ट्रेट माया दत्त जोशी, मुख्य कोषाधिकारी रोमिल चौधरी, मुख्य व्यैक्तिक अधिकारी ;जिलाधिकारी, बीरेन्द्र सिंह सहित कलेक्ट्रेट परिसर अवस्थित समस्त कार्यालयों के अधिकारी एवं कार्मिक तथा सूचना विभाग के कार्मिक उपस्थित रहे।
एसएसपी ने किया पुलिस लाइन में ध्वजारोहण
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिलीप सिंह कुंवर देहरादून पुलिस लाइन में ध्वजारोहण किया गया। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर सभी अधिकारी, कर्मचारियों को तिरंगे के नीचे प्रण लेकर अपने अंदर के एक अवगुण का परित्याग करने का आह्वान किया।
विहिप ने किया झंडोतोलन
विश्व हिन्दू परिषद बजरंग दल महानगर देहरादून के द्वारा मानस मंदिर स्थित कार्यालय पर प्रांत कार्यालय प्रमुख वीरसेन मानव और विकास वर्मा प्रांत साप्ताहिक मिलन प्रमुख,महानगर अध्यक्ष आलोक सिन्हा व संगठन मंत्री अमित कुमार की उपस्थिति में स्वतंत्रता दिवस की 75वीं वर्षगांठ पर कार्यालय पर ध्वजारोहण किया गया। वक्ताओं ने गीत और कविताओं के माध्यम से अपना बौद्धिक कार्यकर्ताओं के समक्ष रखा। उसके बाद सभी कार्यकर्ता एक रैली के माध्यम से घंटाघर पहुंचे। पलटन बाजार में जितने भी लघु व्यापारी, ऑटो चालक व अन्य सभी लोगों को देश की आन बान और शान तिरंगे का बैच लगाकर शुभकामनाएं दी।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से विहिप मंत्री श्याम शर्मा, सेवा प्रमुख हरीश कोहली, दीपक आर्या, धीरज अधिराज, यज्ञेश बहुगुणा,विधि प्रमुख प्रिंस त्यागी, संयोजक आशीष बलूनी, सिमरन थापा विभाग मंत्री धर्म प्रसार गिरिराज पाल, प्रभात वर्मा, विशाल चौधरी, सोनू गुप्ता,आकाश पासवान, अन्य कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित रहे।
भारत जोड़ो तिरंगा यात्रा में प्रीतम सिंह हुए शामिल
पूर्व नेता प्रतिपक्ष व चकराता विधायक प्रीतम सिंह ने आज स्वतंत्रता दिवस की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर रामनगर विधानसभा में पूर्व विधायक रणजीत रावत के द्वारा आयोजित भारत जोड़ो तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। तिरंगा यात्रा में विधायक जसपुर, आदेश चौहान, विधायक हल्द्वानी सुमित हृदयेश,पूर्व सांसद महेंद्र सिंह पाल, प्रदेश महामंत्री डॉ. संजय पालीवाल, ज़िलाध्यक्ष नैनीताल सतीश नैनवाल, महानगर अध्यक्ष हल्द्वानी राहुल छिमवाल औ अन्य वरिष्ठजन उपस्थित थे।
Next Story