उत्तराखंड

विद्यालय में केवल एक शिक्षिका के बावजूद दो छात्राओं ने प्रतिष्ठित विद्यालयों में चयनित होकर विद्यालय का नाम किया रोशन

Admin Delhi 1
12 July 2022 11:53 AM GMT
विद्यालय में केवल एक शिक्षिका के बावजूद दो छात्राओं ने प्रतिष्ठित विद्यालयों में चयनित होकर विद्यालय का नाम किया रोशन
x

नैनीताल न्यूज़: अपनी जिम्मेदारी ठीक से निभाई जाए तो कुछ भी असंभव नहीं। नैनीताल जनपद के रामनगर विकास खंड में स्थित प्राथमिक विद्यालय राजपुर की दो छात्राओं ने दो प्रतिष्ठित विद्यालयों में चयनित होकर विद्यालय का नाम रोशन किया है। यह तब है जबकि विद्यालय में केवल एक ही शिक्षिका कार्यरत है। प्राप्त जानकारी के अनुसार प्राथमिक विद्यालय राजपुर की छात्रा आराधना का चयन दो विद्यालयों-जवाहर नवोदय विद्यालय एवं राजीव नवोदय विद्यालय में एवं साक्षी का चयन जवाहर नवोदय विद्यालय एवं एकलव्य विद्यालय में हुआ है। इनके अलावा एक छात्र नैतिक का चयन एकलव्य विद्यालय में हुआ है। उल्लेखनीय है कि विद्यालय में प्रधानाध्यापिका यामिनी जोशी के रूप में पिछले एक वर्ष से केवल एक ही शिक्षिका कार्यरत हैं। वह अकेले विद्यालय में पढ़ने वाले 55 बच्चों की जिम्मेदारी निभा रही हैं।

उल्लेखनीय है कि यह विद्यालय पूर्व में पंचायत भवन में चल रहा था। इधर करीब 7-8 माह से ही विद्यालय अपने नए भवन में चल रहा है। ग्रामीणों तथा ग्राम प्रधान एवं अध्यापक-अभिभावक संघ के अध्यक्ष व समिति सदस्यों ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है और कहा है कि विद्यालय में कार्यरत केवल एक प्रधानाध्यापिका के प्रयासों से यह उपलब्धि गौरवान्वित करने वाली है। यदि अधिक शिक्षिकाएं होतीं तो परिणाम और भी बेहतर हो सकते थे।

Next Story