उत्तराखंड

अंकिता भंडारी केस में फिर उठी न्याय की मांग, मातृ सदन पहुंचे माता-पिता

Admindelhi1
18 Nov 2026 5:14 PM IST
अंकिता भंडारी केस में फिर उठी न्याय की मांग, मातृ सदन पहुंचे माता-पिता
x
अंकिता हत्याकांड पर फिर गरमाया मामला, स्वामी शिवानंद ने दी अनशन की चेतावनी

हरिद्वार: उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर एक बार फिर विवाद गहरा गया है। आरोपी पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य की प्रेस वार्ता में दिए गए बयानों से नाराज अंकिता के माता-पिता बुधवार को हरिद्वार स्थित मातृ सदन पहुंचे। यहां उन्होंने स्वामी शिवानंद सरस्वती से मुलाकात कर अपनी पीड़ा व्यक्त की और बेटी को न्याय दिलाने की मांग की।

अंकिता के पिता ने विनोद आर्य की ओर से की गई कथित टिप्पणियों पर नाराजगी जताते हुए कुछ पत्रकारों की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की बेटी के सम्मान के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

परिजनों ने विनोद आर्य के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) सार्वजनिक करने और उनका नार्को टेस्ट कराने की मांग की। उनका कहना है कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि पूरी सच्चाई सामने आ सके।

इस दौरान स्वामी शिवानंद सरस्वती ने अंकिता के माता-पिता को समर्थन देते हुए कहा कि परिवार को न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि न्याय की मांग पूरी नहीं हुई तो वह अनशन शुरू करेंगे।

अंकिता के माता-पिता ने स्पष्ट किया कि बेटी को न्याय मिलने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने मामले के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग दोहराई।

Next Story