उत्तराखंड

अंकिता भंडारी केस में फिर उठी जांच की मांग, माता-पिता ने खोला मोर्चा

Admindelhi1
18 Nov 2026 10:34 AM IST
अंकिता भंडारी केस में फिर उठी जांच की मांग, माता-पिता ने खोला मोर्चा
x
पुलकित आर्य के पिता का नार्को टेस्ट कराने की मांग, अंकिता के परिजनों में आक्रोश

देहरादून: उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी मामले में पीड़िता के माता-पिता ने आरोपी पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य का नार्को टेस्ट कराने और उनकी कॉल डिटेल की जांच करने की मांग उठाई है। परिजनों ने मामले से जुड़े सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच कराने की अपील करते हुए मांगें पूरी नहीं होने पर प्रदेशभर में आंदोलन की चेतावनी दी है।

अंकिता के पिता वीरेंद्र सिंह भंडारी ने पत्रकारों से बातचीत में आरोप लगाया कि विनोद आर्य उनकी बेटी के चरित्र को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि परिवार इस तरह की बयानबाजी अब बर्दाश्त नहीं करेगा।

वीरेंद्र सिंह ने दावा किया कि घटना के समय विनोद आर्य का दिल्ली आना-जाना था। उन्होंने इस पहलू की जांच कराने के साथ मामले में कथित वीआईपी की भूमिका का खुलासा करने की भी मांग की। उनका कहना है कि उन्होंने घटना के समय भी सरकार और पुलिस से विनोद आर्य की गिरफ्तारी की मांग की थी।

अंकिता की मां ने प्रदेशवासियों से न्याय की लड़ाई में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिस तरह पहले लोगों ने अंकिता के लिए आवाज उठाई थी, उसी तरह दोबारा परिवार का साथ दें।

परिजनों ने स्पष्ट किया कि यदि उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे उत्तराखंड में धरना-प्रदर्शन और आंदोलन करेंगे। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और बेटी को न्याय दिलाने की मांग दोहराई।

Next Story