उत्तराखंड

हरिद्वार में दिल्ली के लड़को ने उत्तराखंड पुलिस के साथ की हाथापाई, कांस्टेबल की फाड़ी वर्दी

Admin Delhi 1
4 Jun 2022 7:28 AM GMT
हरिद्वार में दिल्ली के लड़को ने उत्तराखंड पुलिस के साथ की हाथापाई, कांस्टेबल की फाड़ी वर्दी
x

देवभूमि क्राइम न्यूज़: ताजा मामला हरिद्वार का है, जहां दिल्ली के युवकों ने दबंगई दिखाते हुए उत्तराखंड पुलिस के जवानों को पीट दिया। आरोपियों ने एक हेड कांस्टेबल की वर्दी भी फाड़ दी। पुलिस का कसूर सिर्फ ये था कि उसने हाईवे पर हूटर बजाकर गलत साइड पर कार दौड़ा रहे इन युवकों को रोक दिया था। पुलिसकर्मियों ने इन्हें रोका तो युवक पुलिस से भिड़ गए, रौब गालिब करने की कोशिश भी की। बात बढ़ी तो आरोपियों ने पुलिसकर्मियों को पीट दिया। इसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। देर रात उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की तैयारी चल रही थी। पुलिस के मुताबिक दिल्ली के मयूर विहार निवासी पांच युवक एक कार में सवार होकर बुधवार को हरिद्वार पहुंचे थे।

यहां वो हाईवे पर जयराम आश्रम मोड़ के पास हूटर बजाते हुए गलत साइड पर गाड़ी दौड़ाने लगे। वहां मौजूद ट्रैफिक पुलिस के एचसीपी शेर खान और कांस्टेबल मुकेश चौहान नें उन्हें रोक लिया, लेकिन युवक अपनी गलती मानने के बजाय पुलिसकर्मियों से ही उलझ गए। युवकों ने खुद को सत्ता पक्ष का करीबी बताते हुए पुलिसकर्मियों पर रौब गांठने की कोशिश की, कुछ देर बाद वो पुलिसकर्मियों संग हाथापाई करने लगे। इस दौरान युवकों ने हेड कांस्टेबल शेर खान की वर्दी भी फाड़ दी। हंगामे की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपियों को पकड़कर थाने ले गई। आरोपियों में नवीन, विशाल, रोहित, रितेश और पीयूष शामिल हैं। पांचों लड़के दिल्ली के मयूर विहार के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Next Story