उत्तराखंड

Dehradun: मुख्यमंत्री ने सचिवालय संघ की नई कार्यकारिणी को शपथ दिलाकर किया सम्मानित

Admindelhi1
18 Jun 2026 3:06 PM IST
Dehradun: मुख्यमंत्री ने सचिवालय संघ की नई कार्यकारिणी को शपथ दिलाकर किया सम्मानित
x

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को सचिवालय में आयोजित उत्तराखंड सचिवालय संघ के शपथ ग्रहण समारोह में नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष दीपक जोशी, उपाध्यक्ष राकेश जोशी,संजय कुमार शर्मा एवं प्रमिला टम्टा,महासचिव राजेन्द्र रतूड़ी,सचिव अतुल कुमार सिंह, संयुक्त सचिव दिव्यांशु डोभाल और सुरेन्द्र सिंह रावत, संप्रेक्षक रीना मखनवाल, कोषाध्यक्ष रमेश सिंह बर्त्वाल और प्रचार सचिव दीपक बिष्ट सहित पूरी कार्यकारिणी को बधाई दी। समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सचिवालय केवल एक भवन नहीं, बल्कि प्रदेश की शासन व्यवस्था की आत्मा और जनविश्वास का प्रमुख केंद्र है। यहीं से नीतियों का निर्माण होता है,जनकल्याणकारी योजनाओं को दिशा मिलती है और राज्य के विकास की रूपरेखा तैयार की जाती है।

उन्होंने कहा कि सचिवालय में कार्यरत प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी विकसित उत्तराखंड के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और उन्हें धरातल पर उतारने में सचिवालय परिवार की भूमिका अत्यंत अहम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारी और कर्मचारी शासन और जनता के बीच विश्वास के मजबूत सेतु के रूप में कार्य करते हैं। उनकी कार्यकुशलता, कर्मनिष्ठा और समर्पण से ही जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम नागरिकों तक पहुंचता है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शासन व्यवस्था को अधिक संवेदनशील, पारदर्शी और जनहितकारी बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। कर्मचारी संगठनों के साथ संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं और सुझावों पर गंभीरता से कार्य किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक मजबूत, प्रेरित और संतुष्ट कर्मचारी तंत्र सुशासन की सबसे बड़ी शक्ति होता है। शासन और कर्मचारी जब टीम भावना से कार्य करते हैं तो विकास कार्यों को गति मिलती है और जनता का विश्वास और मजबूत होता है।

उन्होंने कहा कि प्रशासनिक प्रक्रियाओं के सरलीकरण,तकनीक आधारित सेवाओं के विस्तार और ई-गवर्नेंस को सशक्त बनाने के लिए सरकार लगातार कदम उठा रही है ताकि नागरिकों को समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सचिवालय की नई कार्यकारिणी बेहतर कार्य संस्कृति, आपसी समन्वय और सकारात्मक वातावरण के माध्यम से सुशासन और कार्यकुशलता की नई मिसाल कायम करेगी।

समारोह में शासन के वरिष्ठ अधिकारी,सचिवालय संघ के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Next Story