उत्तराखंड

Dehradun: 2477 पदों पर भर्ती और 1470 पदों की परीक्षा का ऐलान

Admindelhi1
6 Aug 2026 5:17 PM IST
Dehradun: 2477 पदों पर भर्ती और 1470 पदों की परीक्षा का ऐलान
x
1470 पदों के लिए परीक्षाएं, 2477 पदों पर भर्ती प्रक्रिया जल्द

देहरादून: उत्तराखंड सरकार सरकारी भर्तियों की रफ्तार तेज करने जा रही है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) दिसंबर से पहले विभिन्न विभागों के 2,477 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू करेगा। साथ ही पहले से विज्ञापित 1,470 पदों की लिखित परीक्षाएं भी दिसंबर तक कराने की तैयारी है।

आयोग के अध्यक्ष जीएस मर्तोलिया ने बताया कि नई भर्ती प्रक्रिया में स्केलर, कनिष्ठ सहायक, वैयक्तिक सहायक, स्नातक स्तरीय विज्ञान वर्ग, पुलिस, आबकारी एवं परिवहन विभाग के वर्दीधारी पद, संस्कृत विभाग में सहायक अध्यापक तथा सहायक विकास अधिकारी सहित विभिन्न पद शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि जिन 1,470 पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया पहले ही पूरी हो चुकी है, उनकी परीक्षाएं भी दिसंबर तक आयोजित कराने का लक्ष्य रखा गया है। इनमें वैयक्तिक सहायक, पशुधन प्रसार अधिकारी, विभिन्न सेवाओं के तकनीकी पद, सहायक लेखाकार, कृषि विभाग के इंटरमीडिएट स्तर के पद तथा विभिन्न विभागों के स्नातक स्तरीय पद शामिल हैं।

सरकार के अनुसार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साढ़े चार वर्ष के कार्यकाल में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं। सरकार का कहना है कि वर्ष 2024 में सख्त नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद भर्ती प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और समयबद्ध हुई है, जिससे आवेदन से नियुक्ति तक का समय भी कम हुआ है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार शुरुआत से ही बेरोजगारी कम करने के लिए रिक्त पदों को अभियान चलाकर भर रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले महीनों में भी विभिन्न विभागों में हजारों पदों पर भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी, ताकि अधिक से अधिक योग्य युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें।

Next Story