उत्तराखंड

Dehradun: 28 अप्रैल विशेष सत्र की तैयारियां तेज, सुरक्षा कड़ी

Admindelhi1
27 April 2026 10:10 AM IST
Dehradun: 28 अप्रैल विशेष सत्र की तैयारियां तेज, सुरक्षा कड़ी
x

देहरादून: उत्तराखंड विधानसभा के 28 अप्रैल को प्रस्तावित एक दिवसीय विशेष सत्र ‘नारी सम्मान–लोकतंत्र में अधिकार’ की तैयारियों को लेकर रविवार को उच्चस्तरीय बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता ऋतु खण्डूडी भूषण ने की। विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि सत्र के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और समयबद्ध तरीके से व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में सत्र के सफल संचालन के लिए कानून-व्यवस्था से लेकर वीआईपी एवं आगंतुक प्रबंधन, यातायात नियंत्रण, पार्किंग, फायर सेफ्टी, स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल, स्वच्छता, निर्बाध विद्युत आपूर्ति और संचार तंत्र तक सभी व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की गई।

मीडिया प्रबंधन को भी प्राथमिकता में रखते हुए स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सूचना प्रवाह व्यवस्थित और सटीक रहे। विधानसभा अध्यक्ष ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सत्र के दौरान किसी भी स्तर पर अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न नहीं होनी चाहिए। उन्होंने समयबद्ध तैयारी, जवाबदेही तय करने और विभागीय समन्वय को अनिवार्य बताते हुए कहा कि सभी एजेंसियां एकीकृत योजना के तहत कार्य करें।

उन्होंने विशेष रूप से सुरक्षा, शांति और सुव्यवस्था बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि यह सत्र महिला सशक्तिकरण और लोकतांत्रिक भागीदारी के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण है, इसलिए इसकी गरिमा और सुव्यवस्था सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी है।

बैठक में मुख्य सचिव आनन्द वर्धन, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, सचिव गृह शैलेश बगोली, एडीजी (लॉ एंड ऑर्डर) वी. मुरुगेशन, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, एसएसपी देहरादून परमेन्द्र डोबाल, सीएमओ डॉ. मनोज कुमार शर्मा सहित शासन, पुलिस और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। विधानसभा सचिवालय से प्रभारी सचिव हेम चन्द्र पंत और मार्शल ललित जोशी भी बैठक में शामिल हुए।

Next Story