Dehradun: हाउस ऑफ हिमालयाज से ग्रामीण क्षेत्र में नए अवसर

देहरादून: ग्राम्य विकास विभाग के सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल ने गुरुवार को तपोवन स्थित आजीविका मिशन में हाउस ऑफ हिमालयाज के वेयरहाउस का उद्घाटन किया। इस अवसर पर सचिव गर्ब्याल ने कहा कि यह वेयरहाउस ग्रामीण उत्पादकों के उत्पादों के सुरक्षित भंडारण और प्रभावी विपणन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। वेयरहाउस से स्थानीय उद्यमों को सशक्त बनाने और उनके उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
उद्घाटन के बाद सचिव की अध्यक्षता में कृषि विकास को (आईएफएडी) के सहयोग से संचालित ग्रामीण उद्यम त्वरित प्रोत्साहन परियोजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परियोजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए आगामी कार्ययोजना पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में ग्रामीण युवाओं को पर्यटन क्षेत्र में स्वरोजगार से जोड़ने के लिए टूरिस्ट गाइड और पर्वतारोहण जैसे विषयों पर प्रशिक्षण देने, पर्वतीय क्षेत्रों में कोणी, चीणा, मडुवा और झंगोरा जैसे मिलेट्स के लिए सीड बैंक स्थापित करने तथा क्लस्टर आधारित जैविक प्रमाणन को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया गया। साथ ही पर्यटन विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने के निर्देश भी दिए गए।सचिव ने अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित कर ग्रामीण आजीविका सुदृढ़ीकरण की दिशा में ठोस प्रयास करने को कहा।





