उत्तराखंड

Dehradun : जुए के बड़े अड्डे का भंडाफोड़, 13 गिरफ्तार, नकदी और विदेशी मुद्रा बरामद

Kavita2
18 Jun 2026 1:50 PM IST
Dehradun : जुए के बड़े अड्डे का भंडाफोड़, 13 गिरफ्तार, नकदी और विदेशी मुद्रा बरामद
x

Uttarakhand उत्तराखंड : देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़े जुए के अड्डे का पर्दाफाश करते हुए 13 लोगों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में नकदी, विदेशी मुद्रा और जुए से जुड़ा सामान बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, क्षेत्राधिकारी नगर-द्वितीय एवं डालनवाला नितिन लोहनी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि राजपुर क्षेत्र में हेलीपैड के पास स्थित एक मकान में कुछ लोग हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी की कार्रवाई की।

राजपुर थाना क्षेत्र में की गई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान पुलिस को 1.52 लाख रुपये से अधिक की नकदी बरामद हुई, साथ ही 41 अमेरिकी डॉलर भी मिले।

इसके अलावा पुलिस ने जुए में इस्तेमाल होने वाले कई सामान भी बरामद किए हैं, जिनमें 167 ताश की गड्डियां, 625 डाईस (मजंग) और 118 जुआ चिप्स शामिल हैं। बरामद सामान से यह स्पष्ट हुआ कि यहां लंबे समय से संगठित तरीके से जुए का संचालन किया जा रहा था।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

छापेमारी के दौरान कुछ लोग मौके से भागने की कोशिश भी कर रहे थे, लेकिन पुलिस टीम ने तुरंत घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया।

पुलिस का कहना है कि इस तरह की अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए क्षेत्र में निगरानी और बढ़ाई जाएगी और ऐसे अड्डों पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

इस कार्रवाई के बाद स्थानीय स्तर पर हड़कंप मच गया है और पुलिस अन्य संदिग्ध ठिकानों की भी जांच कर रही है।

Next Story