उत्तराखंड

Dehradun: महेंद्र भट्ट का दावा, 2027 में भाजपा की वापसी तय

Admindelhi1
23 March 2026 10:22 AM IST
Dehradun: महेंद्र भट्ट का दावा, 2027 में भाजपा की वापसी तय
x

देहरादून: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने धामी सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने पर इसे उपलब्धियों से भरा बताते कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रचंड बहुमत से जीतेगी।

महेंद्र भट्ट ने रविवार को जारी एक बयान में कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार को केंद्रीय नेतृत्व का आशीर्वाद और जनता का व्यापक समर्थन प्राप्त है, जो आगामी चुनाव परिणामों में परिलक्षित होगा। उन्होंने कहा कि बीते चार वर्षों में राज्य में कई ऐतिहासिक और पहली बार होने वाले कार्य किए गए हैं। इनमें समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने की दिशा में पहल, कठोर नकल निरोधक कानून, सख्त धर्मांतरण कानून तथा अवैध धार्मिक अतिक्रमणों के खिलाफ कार्रवाई प्रमुख हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य ने पहली बार जी-20 से जुड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजनों की मेजबानी की, ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट के माध्यम से 3.76 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश समझौते हुए और राज्य की अर्थव्यवस्था में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई। जीएसडीपी में 7.23 प्रतिशत की वृद्धि और प्रति व्यक्ति आय में 41 प्रतिशत तक बढ़ोतरी को उन्होंने महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। भट्ट के अनुसार, प्रदेश में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं और बिजली उत्पादन में तीन गुना वृद्धि हुई है। इसके अलावा नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य सूचकांक में प्रथम स्थान, सार्वजनिक वित्तीय प्रदर्शन सूचकांक में विशेष राज्यों में द्वितीय स्थान तथा ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में “अचीवर्स” श्रेणी में स्थान प्राप्त हुआ है।

उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़े हैं और नकल माफिया पर कार्रवाई करते हुए 30 हजार से अधिक सरकारी नियुक्तियां की गई हैं। स्टार्टअप की संख्या में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। पर्यटन क्षेत्र में होटलों और होमस्टे की संख्या बढ़ने से रोजगार के नए अवसर सृजित हुए हैं, जबकि रिवर्स पलायन में वृद्धि से पहाड़ों में आर्थिक गतिविधियां बढ़ी हैं। महिला सशक्तिकरण के तहत सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया गया है और 2.65 लाख से अधिक महिलाएं “लखपति दीदी” बनी हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में सरकार ने सभी क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने हाल में हरिद्वार और हल्द्वानी में आयोजित जनसभाओं में केंद्रीय नेताओं अमित शाह और राजनाथ सिंह की मौजूदगी में दिखे जनसमर्थन को इसका प्रमाण बताया।

Next Story