उत्तराखंड

Dehradun: मोरी के ओसला गांव में स्कूल भवन मामले की जांच शुरू

Admindelhi1
14 May 2026 12:14 PM IST
Dehradun: मोरी के ओसला गांव में स्कूल भवन मामले की जांच शुरू
x
"शिक्षा मंत्री ने ओसला गांव मामले में लिया संज्ञान"

देहरादून: शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने उत्तरकाशी जनपद के मोरी विकासखंड स्थित ओसला गांव में विद्यालय भवन नहीं होने संबंधी समाचार पर गंभीरता से संज्ञान लिया है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को पूरे मामले की विस्तृत जांच कर तथ्यात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

विद्यालयी शिक्षा मंत्री ने ओसला गांव में विद्यालय भवन पिछले 15 वर्षों से निर्मित नहीं होने के मामले को गंभीर मानते हुए अधिकारियों से वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने को कहा है। इस संबंध में जिला शिक्षा विभाग उत्तरकाशी की ओर से जिलाधिकारी को भेजी गई रिपोर्ट में बताया गया है कि राजकीय प्राथमिक विद्यालय ओसला में वर्तमान में 24 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं और विद्यालय भवन अच्छी स्थिति में संचालित हो रहा है। वहीं राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय ओसला में केवल एक छात्र अध्ययनरत है। छात्रहित को देखते हुए दोनों विद्यालयों का संचालन प्राथमिक विद्यालय भवन से ही किया जा रहा है।

रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2021-22 में उच्च प्राथमिक विद्यालय ओसला के भवन मरम्मत और रंग-रोगन के लिए जिला योजना अंतर्गत 3.50 लाख रुपये स्वीकृत किए गए थे, लेकिन कार्यदायी संस्था ने धनराशि को अपर्याप्त बताया। इसके बाद वर्ष 2022-23 में अतिरिक्त 1.50 लाख रुपये स्वीकृत कर ग्रामीण निर्माण विभाग,उत्तरकाशी को हस्तांतरित किए गए।

शिक्षा मंत्री ने संबंधित कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

Next Story