उत्तराखंड

Dehradun: आईएमए कैडेट्स का वन अकादमी दौरा

Admindelhi1
29 April 2026 10:06 AM IST
Dehradun: आईएमए कैडेट्स का वन अकादमी दौरा
x

देहरादून: भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) के ऑफिसर कैडेट्स ने इन्दिरा गांधी राष्ट्रीय वन अकादमी (आईजीएनएफए), देहरादून का शैक्षणिक दौरा किया। इस एक्सपोज़र विज़िट का उद्देश्य वन एवं पर्यावरण प्रबंधन के क्षेत्र में पारस्परिक सीख (इंटर-इंस्टीट्यूशनल लर्निंग) को बढ़ावा देना और वन विभाग व भारतीय सेना के बीच समन्वय को सुदृढ़ करना था।

आईएमए के मेंटर एवं इंस्ट्रक्टर मेजर सुमित सौरव के नेतृत्व में 400 से अधिक ऑफिसर कैडेट्स और प्लाटून कमांडर यूनिफॉर्म में सुसज्जित होकर आईजीएनएफए के हरि सिंह ऑडिटोरियम पहुंचे। कार्यक्रम की शुरुआत सीनियर कंसल्टेंट एस.आर. रेड्डी के स्वागत संबोधन से हुई, जबकि अपर निदेशक राज कुमार बाजपेयी ने उद्घाटन भाषण दिया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण भारतीय वन सेवा (आईएफएस) के वरिष्ठ अधिकारी जिग्मेट टकपा (1990 बैच) का व्याख्यान और प्रस्तुतीकरण रहा। उन्होंने वन प्रशासन (फॉरेस्ट गवर्नेंस),सैन्य क्षेत्रों में वन प्रबंधन की जटिलताएं,कैंटोनमेंट क्षेत्रों में लागू नियमों और वन विभाग और सैन्य बलों के बीच समन्वय की चुनौतियों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

व्याख्यान में विशेष रूप से यह रेखांकित किया गया कि दूरस्थ और पारिस्थितिक रूप से संवेदनशील क्षेत्रों में वन प्रबंधन, राष्ट्रीय सुरक्षा के दृष्टिकोण से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम का समापन मेजर सुमित सौरव के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

Next Story