उत्तराखंड

Dehradun: राज्यपाल ने आईएमए कैडेट्स को दी शुभकामनाएं

Admindelhi1
12 Dec 2025 5:38 PM IST
Dehradun: राज्यपाल ने आईएमए कैडेट्स को दी शुभकामनाएं
x

देहरादून: राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) से गुरुवार को लोक भवन में इंडियन मिलिट्री अकादमी (आईएमए) से पास आउट हो रहे 18 ऑफिसर कैडेट्स ने शिष्टाचार भेंट की। ये सभी ऑफिसर कैडेट्स अब असम रेजीमेंट में अपनी सेवाएं प्रदान करेंगे। इस मौके पर राज्यपाल ने सभी कैडेट्स को पासिंग आउट पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल एवं सफल सैन्य करियर की शुभकामनाएं दीं।

राज्यपाल ने कैडेट्स से कहा कि आप सभी देश की सेवा के लिए एक सम्मानित और उत्तरदायित्वपूर्ण पथ पर अग्रसर हो रहे हैं। भारतीय सेना का हिस्सा बनकर आप राष्ट्र की सुरक्षा और अनुशासन की संस्कृति को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।

राज्यपाल ने कैडेट्स से कहा कि उनके कार्यों में उच्च स्तर की पेशेवर क्षमता झलकनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अपनी प्रतिष्ठा को सदैव उत्तम बनाए रखें, सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाएं और दीर्घकालिक लक्ष्यों को दृष्टि में रखकर दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ें।

राज्यपाल ने भविष्य के लिए सभी कैडेट्स को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे भारतीय सेना की परंपराओं, गौरव और मूल्यों का उत्कृष्ट प्रतिनिधित्व करेंगे।

उल्लेखनीय है कि इन कैडेट्स में से 03 ने सैनिक स्कूल कपूरथला,पंजाब से शिक्षा प्राप्त की है। राज्यपाल ने विशेष प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बताया कि उन्होंने स्वयं भी सैनिक स्कूल कपूरथला से अपनी प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त की है और भारतीय सेना में अपनी गौरवशाली सेवाएँ असम रेजीमेंट में दी हैं।

Next Story