उत्तराखंड

Dehradun: निर्वाचन अधिकारी ने फॉर्म वितरण कार्य में तेजी लाने के दिए निर्देश

Admindelhi1
12 Jun 2026 1:47 PM IST
Dehradun: निर्वाचन अधिकारी ने फॉर्म वितरण कार्य में तेजी लाने के दिए निर्देश
x

देहरादून: अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित ऋषिपर्णा सभागार में जनपद देहरादून के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सभी रिटर्निंग अधिकारियों (आरओ) और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) को 18 जून तक शत-प्रतिशत फार्म वितरण सुनिश्चित करने और डिजिटाइजेशन कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कम प्रगति वाले क्षेत्रों के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करने, बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) को आवश्यक प्रशिक्षण देने तथा हाउसिंग सोसायटी, कार्यालय परिसरों और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक नागरिकों को अभियान से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाकर मतदाताओं को फार्म भरने के लिए प्रेरित करने के निर्देश भी दिए।

समीक्षा बैठक में बताया गया कि जनपद देहरादून में कुल 13,76,813 मतदाता हैं। अब तक 3,27,236 फार्म वितरित किए जा चुके हैं और 16,748 फार्म का डिजिटाइजेशन पूरा हो चुका है। वहीं 10,49,577 फार्म का वितरण और 13,60,065 फार्म का डिजिटाइजेशन अभी शेष है।

बैठक में निर्देशित किया गया कि सभी अधिकारी प्रतिदिन सुबह और शाम पोर्टल पर लॉगिन कर एसआईआर कार्यों की समीक्षा करें और प्रगति की नियमित निगरानी रखें। जो फार्म पूर्ण रूप से भरकर प्राप्त हो चुके हैं, उन्हें तत्काल पोर्टल पर अपलोड करने को कहा गया।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) स्मृता परमार, उप जिलाधिकारी विनोद कुमार, उप जिलाधिकारी डोईवाला अपर्णा सिंह, उप जिलाधिकारी चकराता, तहसीलदार विकासनगर विवेक राजौरी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी नरेन्द्र देवली सहित संबंधित आरओ एवं ईआरओ उपस्थित रहे।

Next Story