उत्तराखंड

Dehradun: उत्तराखंड रेल परियोजनाओं की रफ्तार बढ़ाने पर मंथन

Admindelhi1
19 Jun 2026 5:11 PM IST
Dehradun: उत्तराखंड रेल परियोजनाओं की रफ्तार बढ़ाने पर मंथन
x
रेल परियोजनाओं की प्रगति पर उच्चस्तरीय चर्चा

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में रेलवे बोर्ड के चेयरमैन सतीश कुमार के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने भेंट की। बैठक में राज्य में रेलवे अवसंरचना के विस्तार, निर्माणाधीन रेल परियोजनाओं और भविष्य की रेलवे आवश्यकताओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में रेलवे कनेक्टिविटी का सुदृढ़ीकरण राज्य के समग्र विकास, पर्यटन, तीर्थाटन, निवेश और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति देगा। उन्होंने ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना को राज्य की महत्वाकांक्षी और सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण परियोजना बताते हुए इसके कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने पर बल दिया।

उन्होंने कहा कि यह परियोजना चारधाम यात्रा, विशेषकर बदरीनाथ धाम और केदारनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए आवागमन को अधिक सुगम, सुरक्षित और आधुनिक बनाएगी।

बैठक में टनकपुर-बागेश्वर रेल परियोजना को आगे बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। रेलवे बोर्ड चेयरमैन ने बताया कि परियोजना का सर्वेक्षण और डीपीआर तैयार की जा चुकी है। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि नवंबर 2026 तक इस परियोजना पर ठोस प्रगति दिखाई देगी।

मुख्यमंत्री ने कर्णप्रयाग-बागेश्वर रेल लाइन परियोजना तथा किच्छा-खटीमा रेल लाइन परियोजना को भी क्षेत्रीय संतुलित विकास और भविष्य की आवश्यकताओं की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताते हुए इन पर आगे कार्रवाई का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि तीर्थाटन और पर्यटन की बढ़ती संभावनाओं को देखते हुए प्रमुख रेलवे स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाना आवश्यक है। इस क्रम में देहरादून रेलवे स्टेशन, हरिद्वार रेलवे स्टेशन, ऋषिकेश रेलवे स्टेशन, रुड़की रेलवे स्टेशन, हल्द्वानी रेलवे स्टेशन, काठगोदाम रेलवे स्टेशन, रामनगर रेलवे स्टेशन और टनकपुर रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार की आवश्यकता बताई।

मुख्यमंत्री ने आगामी कुंभ और कांवड़ मेले को देखते हुए हरिद्वार, ऋषिकेश और रुड़की रेलवे स्टेशनों पर विशेष सुविधाएं विकसित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और रेलवे के समन्वित प्रयासों से यात्रियों एवं श्रद्धालुओं को बेहतर और सुरक्षित यात्रा अनुभव उपलब्ध कराया जा सकता है।

बैठक में हरिद्वार-देहरादून रेल लाइन के दोहरीकरण पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि रेलवे नेटवर्क के विस्तार और आधुनिकीकरण से राज्य में निवेश, व्यापार, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को दीर्घकालिक मजबूती मिलेगी।

रेलवे बोर्ड चेयरमैन सतीश कुमार ने कहा कि बैठक में उठाए गए सभी विषयों पर गंभीरता से कार्य किया जाएगा।

बैठक में सचिव बृजेश कुमार संत और अपर सचिव रीना जोशी भी उपस्थित थीं।

Next Story