Dehradun: उत्तराखंड में युवा भविष्य निर्माण योजना का शुभारंभ, धामी ने की शुरुआत

देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को देहरादून में ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’ का शुभारंभ किया। योजना के तहत उत्तराखंड के युवाओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग और गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।
योजना का उद्देश्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को घर बैठे बेहतर अध्ययन सुविधा और मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है। इसके माध्यम से युवा अपनी सुविधा के अनुसार ऑनलाइन माध्यम से परीक्षा की तैयारी कर सकेंगे।
योजना के तहत संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी), उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी), कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी), बैंकिंग, रेलवे और रक्षा क्षेत्र की सीडीएस समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा एटी, मैट, गेट, नेट और सीएसआईआर-नेट जैसी परीक्षाओं के लिए भी युवाओं को आवश्यक मार्गदर्शन और अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रदेश के युवाओं में प्रतिभा और क्षमता की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें उचित अवसर और संसाधन उपलब्ध कराने की है। सरकार युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और उनके भविष्य को मजबूत बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है।
मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि राजकीय और सहायता प्राप्त विद्यालयों और महाविद्यालयों में पढ़ने वाले छात्र इस योजना के पात्र होंगे। प्रथम चरण में 11 हजार युवाओं को निःशुल्क कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी।
योजना के शुभारंभ के साथ सरकार ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे प्रदेश के युवाओं को बड़ी सौगात दी है। इससे युवाओं को घर बैठे गुणवत्तापूर्ण तैयारी का अवसर मिलने के साथ उनके सपनों को नई उड़ान मिलने की उम्मीद है।
सरकार के अनुसार योजना का मकसद आर्थिक संसाधनों के अभाव में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से वंचित रह जाने वाले युवाओं को समान अवसर उपलब्ध कराना है। निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग के माध्यम से प्रदेश के दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले युवाओं को भी विशेषज्ञ मार्गदर्शन से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।





