उत्तराखंड

Dehradun: हर महीने होगी समन्वय बैठक, जनपदों की समस्याओं का होगा त्वरित समाधान

Admindelhi1
19 Aug 2026 11:45 AM IST
Dehradun: हर महीने होगी समन्वय बैठक, जनपदों की समस्याओं का होगा त्वरित समाधान
x
समस्याओं के निस्तारण में तेजी लाने के लिए हर महीने बैठक आयोजित होगी

देहरादून: उत्तराखंड में जनपद स्तर की समस्याओं के त्वरित निस्तारण और शासन एवं जिलों के अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय के लिए अब प्रत्येक माह के पहले मंगलवार को समन्वय बैठक आयोजित की जाएगी।

सचिवायल में मंगलवार को आयोजित बैठक में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने इसके लिए अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। मुख्य सचिव ने कहा कि इस बैठक में जिलाधिकारी अपने-अपने जनपदों से संबंधित ऐसी समस्याओं और प्रकरणों को संबंधित विभागों के समक्ष रख सकेंगे, जिनके समाधान के लिए शासन स्तर पर विभागीय समन्वय अथवा निर्णय की आवश्यकता है।

उन्होंने निर्देश दिए कि जिलों से चिन्हित समस्याओं एवं प्रकरणों की सूची बैठक से पूर्व संबंधित विभागों को उपलब्ध कराई जाए, ताकि विभागीय अधिकारी आवश्यक जानकारी और कार्रवाई के साथ बैठक में उपस्थित हो सकें।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से होने वाली इस मासिक बैठक में संबंधित जनपद और विभाग के अधिकारियों के साथ प्रकरणों पर चर्चा की जाएगी और यथासंभव मौके पर ही उनका निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।

मुख्य सचिव ने कहा कि इस व्यवस्था का उद्देश्य जनपद स्तर पर आने वाली समस्याओं के समाधान में अनावश्यक विलंब को दूर करना और शासन और जिलों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करना है। उन्होंने सभी सचिवों को जनपदों से प्राप्त प्रकरणों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन से जुड़े मामलों का शीघ्र समाधान हो सके।

बैठक में प्रमुख सचिव एल. फैनई, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, सचिव शैलेश बगौली, नितेश कुमार झा, दिलीप जावलकर, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा, चंद्रेश कुमार यादव, डॉ. वी. षणमुगम, डॉ. आर. राजेश कुमार, विनोद कुमार सुमन, ज्योति यादव, रणवीर सिंह चौहान, धीराज सिंह गर्ब्याल और राजेंद्र कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Next Story