Dehradun: कांग्रेस एसआईआर को बेवजह राजनीतिक रंग दे रही : तरुण बंसल

देहरादून: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस पर एक वर्ग विशेष की सहानुभूति हासिल करने के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण (एसाईआर) को राजनीतिक मुद्दा बनाने का आरोप लगाया है।
भाजपा प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल ने गुरुवार को बातचीत में कहा कि कांग्रेस का यह आरोप निराधार है कि भाजपा फर्जी आपत्तियां लगवा रही है। उन्होंने कहा कि एसआईआर निर्वाचन प्रक्रिया का हिस्सा है और इसमें किसी राजनीतिक दल का हस्तक्षेप नहीं होता। जांच के बाद सही और गलत स्थिति सामने आ जाएगी।
महामंत्री बंसल ने कहा कि कांग्रेस आपत्तियों को लेकर राजनीति कर रही है, लेकिन उत्तराखंड से लगे उत्तर प्रदेश के जिलों की मतदाता सूचियों में दर्ज ऐसे नामों पर चुप है, जो उत्तराखंड की मतदाता सूची में भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में एसआईआर की प्रक्रिया पहले ही पूरी हो चुकी है, इसलिए ऐसे दोहरे नामों की उत्तराखंड में भी जांच कर आवश्यक कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने दावा किया कि हरिद्वार, नैनीताल, ऊधम सिंह नगर, देहरादून और पौड़ी गढ़वाल जिलों में निर्वाचन अधिकारियों की जांच के दौरान ऐसे हजारों नाम सामने आए हैं, जो कथित तौर पर उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड दोनों की मतदाता सूचियों में दर्ज हैं।
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने ऐसे मामलों को लेकर न तो प्रशासन और न ही निर्वाचन अधिकारियों को कोई ज्ञापन दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक वर्ग विशेष को अपना वोट बैंक मानकर ऐसे मामलों पर मौन साधे हुए है।
महामंत्री ने कहा कि भाजपा पारदर्शी लोकतांत्रिक व्यवस्था और निष्पक्ष चुनाव में विश्वास करती है, जबकि कांग्रेस तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग के अधिकारियों पर अनैतिक दबाव बनाया जा रहा है और वास्तविकता से मुंह मोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल और बिहार में भी कांग्रेस ने इसी तरह की राजनीति की और एक वर्ग विशेष को खुश करने का प्रयास किया।





