उत्तराखंड

Dehradun: दुष्कर्म मामले पर कांग्रेस ने भाजपा से मांगा जवाब

Admindelhi1
8 May 2026 11:21 AM IST
Dehradun: दुष्कर्म मामले पर कांग्रेस ने भाजपा से मांगा जवाब
x

देहरादून: उत्तराखंड कांग्रेस के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने चम्पावत में नाबालिग युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को लेकर प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि इस शर्मनाक घटना से राज्य में गिरती कानून व्यवस्था उजागर हुई है।

गोदियाल ने जारी एक बयान में कहा कि राज्य में महिलाओं के साथ लगातार बढ़ते अपराध तथा महिला सुरक्षा के प्रति भाजपा सरकार की नाकामी उजागर हुई है। उन्होंने आरोपित के सत्ताधारी दल से जुड़े होने का आरोप लगाया और कहा कि इस घटना में भी लीपापोती का दबाव बनाया जा रहा है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि राज्य में विगत 10 वर्ष के अन्तराल में दुष्कर्म, हत्या जैसे जघन्य अपराध की घटनाओं की बाढ़ जैसी आई हुई है। प्रदेश में हो रही दुष्कर्म की घटनाएं मानवता को शर्मसार करने वाली तथा देवभूमि की अस्मिता को कलंकित करने वाली हैं। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन का ढिंढोरा पीटने वाली भाजपा महिला अपराध की इन घटनाओं को रोकने की बजाय इस प्रकार के अपराध करने वालों की संरक्षक बनी हुई है।

उन्होंने बताया कि घटना के विरोध में प्रदेशभर के जिला एवं महानगर मुख्यालयों में 8 मई को विरोध-प्रदर्शन के साथ भाजपा सरकार का पुतला दहन किया जायेगा।

Next Story