उत्तराखंड

Dehradun: सीएम धामी ने सरकारी आवास में किया ध्वजारोहण, एकता-अखंडता की शपथ दिलाई

Admindelhi1
15 Aug 2026 6:33 PM IST
Dehradun: सीएम धामी ने सरकारी आवास में किया ध्वजारोहण, एकता-अखंडता की शपथ दिलाई
x
धामी ने सरकारी आवास पर फहराया तिरंगा, राष्ट्रीय एकता का दिलाया संकल्प

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 80 वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज तिरंगा फहराया और उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। ध्वजारोहण से पूर्व मुख्यमंत्री और उपस्थित अधिकारियों-कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से 'वंदे मातरम्' का गायन किया।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और मां भारती की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को नमन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अमर बलिदानियों ने जिस सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत का सपना देखा था, उसे साकार करने की दिशा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ योगदान देना होगा।

उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों और जनभागीदारी से ही देश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है। उत्तराखंड के समग्र, संतुलित और सतत विकास के लिए राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। सरकार का प्रयास है कि विकास का लाभ प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र और प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के विकास में सभी के सहयोग और सहभागिता से उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। स्वतंत्रता दिवस हमें राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का स्मरण कराता है और देश तथा प्रदेश के विकास में सक्रिय योगदान देने की प्रेरणा देता है।

Next Story