उत्तराखंड

Dehradun: बीएलओ अब घर-घर पहुंचकर करेंगे बुजुर्ग-दिव्यांग मतदाताओं की मदद

Admindelhi1
6 Aug 2026 11:21 AM IST
Dehradun: बीएलओ अब घर-घर पहुंचकर करेंगे बुजुर्ग-दिव्यांग मतदाताओं की मदद
x
घर बैठे मिलेगा समाधान, बीएलओ करेंगे नोटिसों का निस्तारण

देहरादून: उत्तराखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि 65 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्ग एवं दिव्यांग मतदाताओं से संबंधित नोटिसों का निस्तारण बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) उनके घर जाकर करें। उन्होंने कहा कि विसंगति वाले मामलों में इन मतदाताओं को अनावश्यक रूप से बूथ पर नहीं बुलाया जाए।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बुधवार को कुमाऊं और गढ़वाल मंडलों के आयुक्तों और सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। उन्होंने फार्म-6, फार्म-7 और फार्म-8 के तहत प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि यदि कोई व्यक्ति पांच से अधिक दावे या आपत्तियां प्रस्तुत करता है तो ऐसे मामलों की जांच एवं सत्यापन संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) स्वयं करेंगे।

उन्होंने कुमाऊं मंडलायुक्त दीपक रावत और गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप को अपने-अपने मंडलों के जिलों का दौरा कर विशेष पुनरीक्षण अभियान की सुपर चेकिंग करने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास, दोनों मंडलायुक्त और सभी जिलाधिकारी मौजूद रहे।

Next Story