उत्तराखंड

Dehradun: कांग्रेस मुख्यालय पर भाजपा का घेराव, संगठन ने कार्यकर्ताओं से की संयम की अपील

Admindelhi1
22 July 2026 2:47 PM IST
Dehradun: कांग्रेस मुख्यालय पर भाजपा का घेराव, संगठन ने कार्यकर्ताओं से की संयम की अपील
x
भाजपा के प्रदर्शन से बढ़ा सियासी तापमान, कांग्रेस ने की शांति बनाए रखने की अपील

देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में बुधवार को विभिन्न राजनीतिक दल और सामाजिक संगठन अलग-अलग मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रधानमंत्री आवास के बाहर प्रस्तावित धरने के विरोध में प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय के घेराव का ऐलान किया है। वहीं, मुस्लिम सेवा संगठन ने भी गांधी पार्क में धरना देने की घोषणा की है।

भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता बुधवार अपराह्न तीन बजे भाजपा महानगर कार्यालय में एकत्र होंगे। इसके बाद प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय का घेराव किया जाएगा। उन्होंने इस कार्यक्रम के लिए मीडिया को भी आमंत्रित किया है।

उधर, प्रदेश कांग्रेस ने भाजपा के प्रस्तावित घेराव को लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ और दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया है। कांग्रेस ने जारी बयान में आरोप लगाया कि भाजपा छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों से ध्यान भटकाने तथा विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। पार्टी ने कहा कि वह छात्रों, युवाओं और जनता के अधिकारों से जुड़े मुद्दे उठाती रहेगी तथा बद्रीनाथ चढ़ावा चोरी जैसे मामलों को भी मजबूती से उठाती रहेगी।

कांग्रेस ने अपने कार्यकर्ताओं से शांति, संयम और अनुशासन बनाए रखने और किसी भी उकसावे में नहीं आने की अपील की है। साथ ही प्रशासन से प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय की सुरक्षा सुनिश्चित करने और किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया है।

इस बीच, मुस्लिम सेवा संगठन ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर अपने अधिकारों की मांग को लेकर धरने पर बैठे छात्रों पर कथित पुलिस लाठीचार्ज की निंदा करते हुए बुधवार दोपहर दो बजे देहरादून के गांधी पार्क में धरना देने का ऐलान किया है।

संगठन के उपाध्यक्ष आकिब कुरैशी ने जारी बयान में कहा कि छात्रों की आवाज दबाने की कार्रवाई निंदनीय है और सरकार युवाओं की समस्याओं की अनदेखी कर रही है। उन्होंने बताया कि संगठन के अध्यक्ष नईम कुरैशी के नेतृत्व में कार्यकर्ता महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष धरना देकर अपना विरोध दर्ज कराएंगे।

Next Story