उत्तराखंड

Dehradun: ज्वालापुर में बीआईएस का बड़ा एक्शन, दो आभूषण दुकानों की जांच

Admindelhi1
10 July 2026 4:25 PM IST
Dehradun: ज्वालापुर में बीआईएस का बड़ा एक्शन, दो आभूषण दुकानों की जांच
x
आभूषण प्रतिष्ठानों पर बीआईएस की छापेमारी से हड़कंप

देहरादून: भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) की देहरादून शाखा ने हरिद्वार के ज्वालापुर क्षेत्र में फर्जी हॉलमार्किंग की सूचना पर दो आभूषण प्रतिष्ठानों में तलाशी एवं जांच अभियान चलाया। मामले की जांच बीआईएस अधिनियम, 2016 के तहत जारी है।

बीआईएस ने गुरुवार को बताया कि ज्वालापुर स्थित जहांगीर और बादशाह नामक आभूषण प्रतिष्ठानों में हॉलमार्किंग से संबंधित उपकरणों,अभिलेखों और अन्य साक्ष्यों की जांच की गई। कार्रवाई के दौरान एक कटिंग मशीन भी मिली,जिसे विस्तृत तकनीकी परीक्षण के लिए निगरानी में रखा गया है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

बीआईएस,देहरादून के संयुक्त निदेशक सचिन चौधरी ने कहा कि संस्था हॉलमार्किंग प्रणाली की विश्वसनीयता बनाए रखने और उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने ज्वैलर्स से केवल बीआईएस से मान्यता प्राप्त हॉलमार्किंग केंद्रों का ही उपयोग करने और सभी वैधानिक प्रावधानों का पालन करने की अपील की।

उन्होंने बताया कि एक जून 2026 से बीआईएस केयर ऐप में नई सुविधा जोड़ी गई है, जिसके तहत उपभोक्ता छह अंकों वाले एचयूआईडी का सत्यापन कर आभूषण का फोटो और वजन भी देख सकते हैं। उन्होंने उपभोक्ताओं से खरीदारी से पहले एचयूआईडी का सत्यापन कर ऐप पर प्रदर्शित फोटो एवं वजन का मिलान करने और किसी भी गड़बड़ी की सूचना तत्काल बीआईएस को देने की अपील की।

Next Story