उत्तराखंड

Dehradun: खेलों में बड़ी पहल, स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान के तहत 23 खेल अकादमियां खुलेंगी

Admindelhi1
3 April 2025 4:52 PM IST
Dehradun: खेलों में बड़ी पहल, स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान के तहत 23 खेल अकादमियां खुलेंगी
x
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लेगेसी प्लान की समीक्षा की

देहरादून: प्रदेश में स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान जल्द लागू होगा, इसके तहत आठ शहरों में 23 खेल अकादमी वजूद में आएंगी। इनमें हर साल 920 एलीट एथलीट और एक हजार बाहरी एथलीट तैयारी कर सकेंगे। लेगेसी प्लान की बुधवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समीक्षा की।

सीएम ने कहा कि लेगेसी प्लान से राज्य में बने खेल ढांचे का खेल विकास के लिए नियमित उपयोग हो सकेगा। दूसरी ओर खेल मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि लेगेसी प्लान को जल्द लागू करने का प्रयास है। राष्ट्रीय खेलों के समय कुल 517 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न स्टेडियम तैयार किए गए थे और लगभग 94 करोड़ रुपये की लागत से अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल उपकरण खरीदे गए। सब मिलाकर प्रदेश के खेल विभाग के पास लगभग 1300 करोड़ रुपये की परिसंपत्तियां जमा हो गई हैं।

इनकी देखभाल और संचालन के लिए लेगेसी प्लान तैयार किया गया है। इसके जरिये राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के मुख्य कोच, जूनियर कोच के अलावा स्पोर्ट्स साइंस एक्सपर्ट, फिजियोथैरेपिस्ट, कंडीशनिंग कोच, डाइट स्पेशलिस्ट व मनोचिकित्सक नियुक्त किए जाएंगे।

15 दिन में बनेगा फिट उत्तराखंड अभियान का प्लान: सीएम धामी ने फिट उत्तराखंड अभियान के लिए 15 दिन में एक्शन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए हैं।इसे खेल, स्वास्थ्य, आयुष, खाद्य, शिक्षा और उच्च शिक्षा विभाग मिलकर तैयार करेंगे। इसके तहत राज्य और जिला स्तर पर चीनी, नमक और तेल का कम इस्तेमाल करने का संदेश आम जन तक पहुंचाया जाएगा। अभियान को स्कूल, महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों के अलावा ग्राम स्तर तक व्यापक तौर पर चलाने को कहा है।

Next Story