उत्तराखंड

Dehradun: राहुल गांधी को रोकने की कोशिश लोकतंत्र के खिलाफ : कुमारी सैलजा

Admindelhi1
19 July 2026 12:30 PM IST
Dehradun: राहुल गांधी को रोकने की कोशिश लोकतंत्र के खिलाफ : कुमारी सैलजा
x
कुमारी सैलजा ने राहुल गांधी के समर्थन में भाजपा को घेरा

देहरादून: कांग्रेस की उत्तराखंड प्रभारी कुमारी सैलजा ने शनिवार को आरोप लगाया कि जब भी लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी जनता के मुद्दे उठाते हैं तो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उन्हें रोकने का प्रयास करती है।

देहरादून के राजपुर रोड स्थित एक होटल में पत्रकारों से बातचीत में सैलजा ने कहा कि राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे को व्यापक जनसमर्थन मिला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने दिवंगत कांग्रेस नेता अमर मेहता के परिजनों से मुलाकात कर कार्यक्रम स्थल पर श्रद्धांजलि अर्पित की और बाद में छात्रों और युवाओं से संवाद कर उनके भविष्य से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तराखंड में पेपर लीक की घटनाओं ने युवाओं का भविष्य प्रभावित किया है। राज्य में भ्रष्टाचार, खनन माफिया, भू-माफिया और नकल माफिया का बोलबाला है और भाजपा सरकार इन पर अंकुश लगाने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन सभी मुद्दों को विधानसभा और सड़क दोनों जगह मजबूती से उठाएगी।

सैलजा ने कहा कि कांग्रेस प्रदेशभर में जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनेगी। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में प्रियंका गांधी सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं का भी उत्तराखंड दौरा प्रस्तावित है। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पूरी तैयारी के साथ उतरेगी और राज्य में सरकार बनाएगी।

विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के संबंध में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस ने प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ताओं की तैनाती की है और मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रतिनिधिमंडल शीघ्र ही चुनाव आयोग से मिलकर अपनी आपत्तियां और सुझाव रखेगा।

Next Story