Dehradun: दुआ के बहाने ठगी करने वाले 29 आरोपियों पर कार्रवाई

देहरादून: विकासनगर में अब्दुल रहमान दुआ के नाम पर लोगों को ठग रहा था। सहसपुर में चौड़ी बाबा के पास लंबी उम्र का आशीर्वाद पाने के लिए लोगों की भीड़ लगी थी। ऑपरेशन कालनेमि के दौरान पुलिस इनके पास पहुंची तो ये भागते नजर आए। आखिरकार इन्हें पकड़ा और सलाखों के पीछे भेज दिया।
पुलिस ने ऑपरेशन कालनेमि के चौथे दिन सोमवार को 29 ढोंगी बाबाओं को गिरफ्तार किया है। इनमें से 20 दूसरे राज्यों के रहने वाले हैं। इसके अलावा एक दंपती को फर्जी दवाखाना चलाने के आरोप में भी पकड़ा गया है। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि जिले में ऑपरेशन कालनेमि जारी है। छद्म भेषधारियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई करते हुए अब तक 111 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें से 71 दूसरे राज्यों के रहने वाले हैं।
मौजूदा समय में कांवड़ यात्रा के चलते भी यहां पर इस तरह के लोगों का आना जाना हो रहा है। इस बात को भी ध्यान में रखा जा रहा है कि ये किसी अपराध को अंजाम देने के बाद यहां आकर तो नहीं छिपे हैं। ऐसे में इनका सत्यापन भी किया जा रहा है। अभी तक जिले में इस तरह का मामला सामने नहीं आया है। एसएसपी ने बताया कि सभी थाना पुलिस को गंभीरता से पड़ताल करने के निर्देश दिए गए हैं





