उत्तराखंड

Dehradun: महायोजना-2041 को लेकर 25 जुलाई से फिर शुरू होगा विशेष शिविर

Admindelhi1
22 July 2026 10:04 AM IST
Dehradun: महायोजना-2041 को लेकर 25 जुलाई से फिर शुरू होगा विशेष शिविर
x

देहरादून: मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने देहरादून महायोजना-2041 के प्रारूप पर आमजन से सुझाव और आपत्तियां प्राप्त करने के लिए एक बार फिर विशेष कैंप आयोजित करने का निर्णय लिया है। यह कैंप 25 जुलाई से एक सप्ताह तक एमडीडीए कार्यालय में लगाया जाएगा।

प्राधिकरण के अनुसार, जिन नागरिकों, भू-स्वामियों, संस्थाओं और अन्य हितधारकों द्वारा निर्धारित अवधि में किसी कारणवश अपने सुझाव या आपत्तियां दर्ज नहीं कराई जा सकीं, वे इस विशेष कैंप में पहुंचकर अपनी बात रख सकते हैं।

एमडीडीए ने इससे पहले 6 जुलाई से 21 जुलाई तक देहरादून के विभिन्न क्षेत्रों में सुनवाई शिविर आयोजित किए थे। इन शिविरों में बड़ी संख्या में नागरिकों, भू-स्वामियों और विभिन्न संगठनों ने महायोजना के प्रारूप को लेकर अपने सुझाव एवं आपत्तियां दर्ज कराई थीं।

एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि देहरादून महायोजना-2041 शहर के भविष्य के विकास की महत्वपूर्ण रूपरेखा है। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से तैयार होने वाली योजना अधिक प्रभावी और जनहितकारी होगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे विशेष कैंप में पहुंचकर अपने सुझाव और आपत्तियां दर्ज कराएं।

एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि विशेष कैंप के दौरान प्राप्त सभी सुझावों और आपत्तियों का नियमानुसार परीक्षण किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से आवश्यक दस्तावेजों के साथ समय पर उपस्थित होने की अपील की है।

महायोजना-2041 में आवासीय, व्यावसायिक, औद्योगिक, हरित क्षेत्र, परिवहन, आधारभूत सुविधाओं और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विषयों को शामिल किया गया है।

Next Story