उत्तराखंड

Dehradun: जल जीवन मिशन के काम में 92.46 प्रतिशत प्रगति, शेष योजनाओं को समय से पूरा करने पर जोर

Admindelhi1
12 Aug 2026 8:21 PM IST
Dehradun: जल जीवन मिशन के काम में 92.46 प्रतिशत प्रगति, शेष योजनाओं को समय से पूरा करने पर जोर
x
जल जीवन मिशन की समीक्षा, 92.46 प्रतिशत काम पूरा; अधिकारियों को दिए निर्देश

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को देहरादून स्थित सचिवालय में जल जीवन मिशन की प्रगति की समीक्षा करते हुए शेष योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हर घर तक नियमित, पर्याप्त, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण पेयजल पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

बैठक में बताया गया कि राज्य में जल जीवन मिशन के तहत 16,555 योजनाओं में से 15,540 योजनाएं पूरी हो चुकी हैं और राज्य की औसत प्रगति 92.46 प्रतिशत है। वर्तमान में 1,015 योजनाएं प्रगति पर हैं।

मुख्यमंत्री ने शेष पात्र ग्रामीण परिवारों को निर्धारित समय-सीमा में नल कनेक्शन से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मिशन की सफलता केवल नल कनेक्शन देने से नहीं, बल्कि घरों तक नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित होने से तय होगी। पूर्ण हो चुकी योजनाओं का स्थलीय सत्यापन कराने के भी निर्देश दिए।

ग्रामीण परिवारों को नल से जल की उपलब्धता की समीक्षा में बताया गया कि राज्य में 14.48 लाख ग्रामीण परिवारों में से 14.20 लाख परिवारों को नल कनेक्शन दिए जा चुके हैं। वहीं, 14,979 गांवों में से 9,796 गांवों में हर नल से जल की उपलब्धता का सत्यापन पूरा हो चुका है।

धामी ने निर्माणाधीन एवं लंबित योजनाओं को मिशन मोड में पूरा करने और जिलाधिकारियों को संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने योजनाओं की भौतिक और वित्तीय प्रगति की नियमित समीक्षा करने के निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री ने पर्वतीय क्षेत्रों में पेयजल स्रोतों के संरक्षण एवं पुनर्जीवीकरण, वर्षा जल संचयन और जल स्रोतों के पुनर्भरण पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने प्रत्येक जिले में तकनीकी समस्याओं के त्वरित समाधान की व्यवस्था विकसित करने तथा पूर्ण हो चुकी योजनाओं के नियमित संचालन एवं रख-रखाव की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने जनपदवार लक्ष्य, समयसीमा और जवाबदेही तय करने को कहा। अनावश्यक विलंब पाए जाने पर संबंधित कार्यदायी संस्था और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में अवस्थापना अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष विश्वास डाबर, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव पेयजल रणवीर सिंह चौहान, अपर सचिव रोहित मीणा, झरना कमठान सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Next Story