उत्तराखंड

Dehradun: 13 महिलाओं को मिलेगा तीलू रौतेली पुरस्कार, 35 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का भी सम्मान

Admindelhi1
7 Aug 2026 8:54 AM IST
Dehradun: 13 महिलाओं को मिलेगा तीलू रौतेली पुरस्कार, 35 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का भी सम्मान
x
महिला सशक्तिकरण की मिसाल, 13 महिलाओं को तीलू रौतेली पुरस्कार

देहरादून: उत्तराखंड सरकार ने वर्ष 2025-26 के प्रतिष्ठित तीलू रौतेली राज्य स्त्री शक्ति पुरस्कार और राज्य स्तरीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पुरस्कार के लिए चयनित नामों की घोषणा कर दी है। तीलू रौतेली पुरस्कार के लिए प्रदेश के सभी 13 जिलों से एक-एक महिला का चयन किया गया है, जबकि राज्य स्तरीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पुरस्कार के लिए 35 उत्कृष्ट कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा।

महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने गुरुवार को बताया कि दोनों पुरस्कार 8 अगस्त को देहरादून में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि तीलू रौतेली राज्य स्त्री शक्ति पुरस्कार उन महिलाओं को समर्पित है जिन्होंने संघर्ष, साहस और समर्पण के बल पर समाज में विशिष्ट पहचान बनाई है। इस वर्ष चयनित महिलाओं ने संस्कृति, खेल, वैज्ञानिक शोध, पर्यावरण संरक्षण, कृषि, स्वरोजगार, समाजसेवा, महिला सशक्तीकरण तथा दिव्यांगजन कल्याण जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दिया है।

रेखा आर्या ने कहा कि सरकार का उद्देश्य ऐसी प्रेरणादायी महिलाओं की उपलब्धियों को समाज के सामने लाना है, ताकि उनकी सफलता नई पीढ़ी और अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बने। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की वीरांगना तीलू रौतेली के नाम पर दिया जाने वाला यह सम्मान महिलाओं के साहस, नेतृत्व और आत्मनिर्भरता का प्रतीक बन चुका है।

उन्होंने बताया कि समारोह में राज्य स्तरीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, टीकाकरण, प्रारंभिक शिक्षा और महिला जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सरकार की मजबूत कड़ी हैं तथा उनके समर्पण और उत्कृष्ट सेवाओं का सम्मान किया जाना आवश्यक है।

Next Story