उत्तराखंड

Dehradun: रोजगार मेले में 1285 अभ्यर्थियों की हुई इंटरव्यू प्रक्रिया

Admindelhi1
3 April 2026 2:28 AM IST
Dehradun: रोजगार मेले में 1285 अभ्यर्थियों की हुई इंटरव्यू प्रक्रिया
x
"1285 अभ्यर्थियों का रोजगार मेले में इंटरव्यू संपन्न"

देहरादून: जनपद में आयोजित रोजगार मेले में 81 प्रतिष्ठित औद्योगिक संस्थानों एवं कंपनियों ने भाग लिया। मेले में रोजगार प्राप्ति के लिए लगभग 1600 छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया,जिनमें से 1285 अभ्यर्थियों ने विभिन्न कंपनियों के समक्ष साक्षात्कार दिया।

उत्तराखंड प्राविधिक शिक्षा विभाग के तत्वावधान में गुरुवार को राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थान, पिथूवाला (देहरादून) में रोजगार मेले का आयोजन किया गया।

प्राविधिक शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए प्रतिभागियों और चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि किसी भी राष्ट्र की प्रगति एवं सशक्तिकरण के लिए तकनीकी उन्नति अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वर्तमान युग आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा एनालिटिक्स, सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट और रोबोटिक्स इंजीनियरिंग का है, ऐसे में युवाओं को बदलती तकनीकों के अनुरूप स्वयं को निरंतर अपडेट करना होगा। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि राज्य के पॉलीटेक्निक संस्थानों को आधुनिक संसाधनों और अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं से सुसज्जित किया जा रहा है, जिससे तकनीकी शिक्षा को नई दिशा मिल रही है।

अध्यक्षता करते हुए विधायक विनोद चमोली ने कहा कि रोजगार मेलों के माध्यम से युवाओं को आसानी से रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने बताया कि सरकार उपनल के माध्यम से विदेशों में भी रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य कर रही है और युवाओं से इन अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में तकनीकी शिक्षा निदेशक देशराज ने बताया कि पिछले वर्ष आयोजित रोजगार मेलों में 71 प्रतिशत छात्र-छात्राओं को कैंपस प्लेसमेंट मिला था और विभाग का लक्ष्य शत-प्रतिशत प्लेसमेंट सुनिश्चित करना है।

इस अवसर पर विभिन्न विभागीय अधिकारी, संस्थानों के प्रधानाचार्य, औद्योगिक संस्थानों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Next Story