उत्तराखंड

हरिद्वार एसपी का कार्यभार संभालते ही दीपक सिंह सक्रिय

Admindelhi1
22 Sept 2026 4:41 PM IST
हरिद्वार एसपी का कार्यभार संभालते ही दीपक सिंह सक्रिय
x
दीपक सिंह ने संभाली हरिद्वार एसपी की कमान

हरिद्वार: हरिद्वार के नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक दीपक सिंह ने मंगलवार को अपना कार्यभार संभाल लिया। 2017 बैच के पीपीएस अधिकारी दीपक सिंह इससे पूर्व टिहरी और ऊधमसिंह नगर में अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) के पद पर तैनात रह चुके हैं। वह कुंभ 2021 के दौरान भी हरिद्वार में सेवाएं दे चुके हैं।

कार्यभार संभालने के बाद एसपी दीपक सिंह ने अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि हरिद्वार एक वैश्विक तीर्थनगरी है और देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। ऐसे में पुलिस का प्रयास रहेगा कि श्रद्धालु और पर्यटक हरिद्वार से बेहतर अनुभव लेकर लौटें। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण के साथ नशे की रोकथाम उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगी। नशे के कारोबार और इससे जुड़े अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई के साथ जागरूकता पर भी जोर दिया जाएगा।

एसपी ने साइबर अपराध को लेकर भी लोगों को जागरूक करने की बात कही। उन्होंने कहा कि बदलते समय में साइबर अपराध तेजी से चुनौती बन रहा है, इसलिए लोगों को साइबर ठगी से बचाव के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस का प्रयास रहेगा कि आम लोगों की शिकायतों और समस्याओं का समाधान निचले स्तर पर ही प्रभावी ढंग से हो जाए। लोगों को अपनी समस्या के समाधान और न्याय के लिए पुलिस के उच्च अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए पुलिसिंग को अधिक जवाबदेह और संवेदनशील बनाया जाएगा।

Next Story