उत्तराखंड

नैनीताल में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर शिकंजा, 251 वाहनों के चालान

Admindelhi1
19 Nov 2026 11:47 AM IST
नैनीताल में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर शिकंजा, 251 वाहनों के चालान
x
स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर पुलिस का विशेष ध्यान, वाहनों की जांच तेज

नैनीताल: उत्तराखंड के नैनीताल जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए पुलिस ने विशेष वाहन चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत 16 नवंबर से शुरू हुए इस अभियान में अब तक 251 वाहनों के चालान किए गए हैं, जबकि 10 वाहन सीज किए गए हैं। इसके अलावा सात वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक सप्ताह का विशेष निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान पुलिस ने अब तक 33 हजार रुपये का संयोजन शुल्क भी वसूला है।

पुलिस के अनुसार, सामान्य वाहनों के साथ स्कूली बच्चों को लाने-ले जाने वाली बसों, वैन, कैब और यात्री बसों की विशेष जांच की जा रही है। इस दौरान वाहनों के पंजीकरण प्रमाणपत्र, फिटनेस, परमिट, बीमा, ड्राइविंग लाइसेंस और निर्धारित यात्री क्षमता की जांच की जा रही है।

इसके अलावा स्कूल वाहनों में आपातकालीन निकास द्वार, अग्निशमन यंत्र, प्राथमिक चिकित्सा किट और अन्य जरूरी सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता भी जांची जा रही है।

बुधवार को पुलिस ने 20 स्कूल बसों की जांच की। इनमें अनियमितताएं मिलने पर चार बसों के चालान किए गए। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों और संचालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने सभी थाना प्रभारियों और यातायात पुलिस को अभियान गंभीरता से चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

पुलिस ने वाहन चालकों और संचालकों को सभी आवश्यक दस्तावेज पूरे रखने तथा निर्धारित यातायात और सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए हैं।

Next Story