
x
प्रेम संबंध का पता चला तो रची हत्या की साजिश
देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में एक मजदूर की हत्या के मामले में पुलिस ने उसकी पत्नी और कथित प्रेमी को गिरफ्तार किया है। मृतक की पहचान बिहार के सहरसा निवासी मदन मुखिया के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक मदन की पत्नी मीना देवी और उसके कथित प्रेमी लल्लन शर्मा के बीच करीब दो-तीन साल से संबंध थे। मदन को इसकी जानकारी लगने के बाद दोनों ने कथित तौर पर उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई।पुलिस के अनुसार मीना की उम्र 30 वर्ष और लल्लन की उम्र 23 वर्ष है। दोनों बिहार के सहरसा जिले के रहने वाले हैं। लल्लन मजदूरी करता था और मदन का परिचित था। पुलिस जांच में सामने आया कि मीना और लल्लन के बीच पिछले दो-तीन साल से प्रेम संबंध चल रहा था।
मदन के काम करने के दौरान हुए एक हादसे में उसके हाथ की चार उंगलियां और दाएं पैर की एक अंगुली कट गई थी। इसके बाद उसे काम मिलने में परेशानी होने लगी थी। इसी दौरान मीना और लल्लन के बीच नजदीकियां बढ़ने की बात पुलिस जांच में सामने आई है। लल्लन पहले दिल्ली में नौकरी करता था। करीब पांच-छह महीने पहले वह देहरादून आ गया था। इसके बाद मीना और लल्लन की मुलाकातें बढ़ गईं। पुलिस के अनुसार कुछ दिन पहले मदन को दोनों के रिश्ते के बारे में जानकारी मिल गई थी।
इसके बाद मदन को रास्ते से हटाने की योजना बनाने का आरोप है। वारदात के दिन मदन को शराब पिलाने के बहाने डॉल्फिन कॉलेज से सटे जंगल की तरफ ले जाया गया। वहां उसे शराब पिलाई गई। पुलिस का आरोप है कि मदन के नशे में होने के बाद उस पर चाकू से हमला किया गया। उसकी गर्दन पर वार किए गए, जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद शव को मांडूवाला के जंगल में खाई में फेंक दिया गया। वारदात में इस्तेमाल चाकू को भी पास की झाड़ियों में छिपा दिया गया था।
शनिवार को जंगल की खाई से मदन का शव बरामद हुआ। गर्दन पर चोट के निशान मिलने के बाद हत्या की आशंका पर जांच शुरू की गई। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और स्थानीय मजदूरों से पूछताछ की। जांच के दौरान पुलिस लल्लन तक पहुंची। पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर मीना को भी गिरफ्तार कर लिया गया। लल्लन की निशानदेही पर घटनास्थल के पास झाड़ियों से वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद करने की बात भी पुलिस ने कही है।
मदन अपनी पत्नी और बच्चों के साथ देहरादून में किराये के मकान में रहता था और मजदूरी करके परिवार चलाता था। मीना के दो बच्चे हैं, जबकि लल्लन के भी तीन बच्चे बताए गए हैं। पुलिस अब हत्या की पूरी साजिश और घटनाक्रम से जुड़े साक्ष्यों को जांच में शामिल कर रही है। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद करने का दावा किया है।
Next Story





