उत्तराखंड

कांग्रेस का ‘मेरे विकास का दो हिसाब’ अभियान शुरू

Admindelhi1
31 March 2024 6:20 AM GMT
कांग्रेस का ‘मेरे विकास का दो हिसाब’ अभियान शुरू
x
भाजपा पर भावनात्मक मुद्दों की आड़ में अपनी नाकामी छुपाने का आरोप लगाया

हरिद्वार: कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव को लेकर ‘‘मेरे विकास का दो हिसाब’’ अभियान शुरूआत करते हुए, भाजपा पर भावनात्मक मुद्दों की आड़ में अपनी नाकामी छुपाने का आरोप लगाया है। कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष प्रशासन एवं संगठन मथुरादत्त जोशी ने अभियान शुरू करते हुए कहा कि पार्टी इस अभियान के जरिए चुनाव को फिर से जनता के मुद्दों की ओर मोड़ते हुए भाजपा की केन्द्र व राज्य सरकारों से दस साल के विकास का हिसाब मांग रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनावों में विकास के बजाय भावनात्मक मुद्दों को उठाते हुए अपनी जिम्मेदारी से बचने का प्रयास कर रही है। इसके जवाब में कांग्रेस ने जनता के सवालों को उठाने का निर्णय लिया है, ताकि लोग हकीकत को जान सकें। उन्होंने कहा कि भाजपा बीते दस साल में कालाधन वापसी, दो करोड़ नौकरी जैसे वायदों को पूरा नहीं कर पाई है, भाजपा सरकार में हर वर्ग परेशान है। इसके मुकाबले कांग्रेस अपने अभियान के जरिए किसान, युवा, बेरोजगार, महिला, व्यापारी और छात्र हर किसी वर्ग की आवाज उठा रही है, जिसे देशभर में शानदार समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ठोस मुद्दों पर लड़ते हुए, भाजपा के चार सौ पार के नारे की हवा निकालने का काम करेगी। केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर यह अभियान पूरे प्रदेश में चलाया जाएगा।

प्रचार शुरू, कांग्रेस चुनाव संचालन समिति का पता नहीं: उत्तराखंड में लोकसभा चुनाव प्रचार शुरू हो चुका है, इस काम के लिए अब 19 दिन ही बचते हैं, लेकिन कांग्रेस की बहुप्रतीक्षित चुनाव संचालन समिति अब तक गठित नहीं हो पाई है। आम तौर पर पार्टी चुनाव से छह महीने पहले चुनाव संचालन समिति का गठन कर देती है। कांग्रेस में चुनाव संचालन समिति दरअसल चुनावी रणनीति से लेकर प्रबंधन तक का पूरा काम देखती है। उत्तराखंड इकाई ने लोकसभा चुनाव के लिए मार्च प्रथम सप्ताह में ही चुनाव संचालन समिति में पदाधिकारी तय करते हुए, करीब सौ नाम दिल्ली हाईकमान के पास भेज दिए थे। लेकिन उक्त लिस्ट अब तक मंजूर नहीं हो पाई है। कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी भी बीते दो साल से इसी चक्कर में गठित नहीं हो पाई है। इस कारण भी चुनाव संचालन समिति के जरिए चुनाव अभियान को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही थी, लेकिन इस बार भी समिति दिल्ली में अटक गई है। उपाध्यक्ष संगठन प्रशासन मथुरा दत्त जोशी के मुताबिक चुनाव संचालन समिति की हाईकमान से मंजूरी का इंतजार किया जा रहा है।

Next Story