उत्तराखंड

सीएम ने ट्रैक्टर और मोटर बोट पर बैठ किया बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का दौरा

Admin Delhi 1
14 July 2023 8:59 AM GMT
सीएम ने ट्रैक्टर और मोटर बोट पर बैठ किया बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का दौरा
x

उत्तराखंड: कई दिनों से हो रही बारिश के चलते रुड़की के खानपुर क्षेत्र में बुधवार को दो जगह तटबंध टूटने से बाढ़ आ गई। गुरुवार सुबह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खानपुर और लक्सर समेत बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करने पहुंचे। इस दौरान हर तरफ भरे पानी के बीच सीएम धामी ट्रैक्टर और राफ्ट में बैठकर गांवों में पहुंचे। उन्होंने कहा कि यहां जलभराव काफी ज्यादा हो गया है। लोगों के घरों में पानी चला गया है। लोगों को किसी प्रकार की परेशानी ना हो, उसका ध्यान रखा जा रहा है। पानी निकलने के बाद यहां बिजली सेवा बहाल की जाएगी।

मूसलाधार बारिश से गंगा, सोलानी और बाणगंगा नदियां उफान पर है। इससे खानपुर क्षेत्र में बाढ़ आ गई है। बृहस्पतिवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी हेलिकॉप्टर से पहले लक्सर की एक कंपनी के हेलिपैड पर उतरे। उसके बाद वह खानपुर क्षेत्र के लिए काफिले के साथ रवाना हो गए। वह पहले प्रहलादपुर गांव पहुंचे। यहां से वह ट्रैक्टर पर सवार हुए। मदारपुर गांव के रास्ते पर बाढ़ का पानी ज्यादा होने से वह एनडीआरएफ की बोट पर सवार होकर मदारपुर गांव पहुंचे। यहां उन्होंने ग्रामीणों का हालचाल जाना।

साथ ही उन्होंने पीड़ितों को खाद्यान्न भी वितरित किया। उन्होंने ग्रामीणों को हर संभव मदद का भरोसा दिया है। मदारपुर गांव से मोटर बोट से वह शाहपुर गांव पहुंचे। यहां भी पीड़ितों का हालचाल जाना। मुख्यमंत्री ने पीड़ितों को हर संभव मदद का भरोसा दिया। साथ ही अधिकारियों से बाढ़ के नुकसान का आंकलन कर मुआवजा देने की बात कही। इस दौरान पूर्व विधायक संजय गुप्ता, मुख्यमंत्री के सचिव विनय शंकर पाण्डेय, जिलाधिकारी धीरज सिंह गर्ब्याल, लक्सर एसडीएम गोपाल राम बिनवाल, एसएसपी अजय सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष शोभाराम प्रजापति, भाजपा के खानपुर मंडल अध्यक्ष मनोज पंवार, चरण सिंह पंवार आदि मौजूद रहे।

लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। साथ ही शेरपुर बेला में भी तटबंध के टूटने की आशंका दिखाई देने लगी है। वहीं रुड़की में हाईवे पर भरे पानी के बीच गाड़ियां डूबती नजर आईं। घरों और दुकानों में पानी भरने से लोग कैद हो गए हैं। कई दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते इदरीशपुर गांव के सामने बाणगंगा नदी का तटबंध ध्वस्त हो गया। इसके चलते बाणगंगा और गंगा का बाढ़ का पानी खानपुर क्षेत्र की और फैलना शुरू हो गया है। माडाबेला गांव के ग्राम प्रधान सोहनवीर ने बताया कि तटबंध टूटने से हजारों बीघा कृषि भूमि में बाढ़ का पानी फैल गया है। धीरे-धीरे बाढ़ का पानी आबादी की ओर बढ़ रहा है।

Next Story