उत्तराखंड

चमोली को CM धामी की बड़ी सौगात, 150 करोड़ की विकास योजनाओं का ऐलान

Admindelhi1
18 Nov 2026 10:17 AM IST
चमोली को CM धामी की बड़ी सौगात, 150 करोड़ की विकास योजनाओं का ऐलान
x
मातृशक्ति सम्मेलन में CM धामी का बड़ा ऐलान, 5 लाख महिलाओं को मिलेगा लाभ

चमोली: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को पीपलकोटी में आयोजित मातृशक्ति सम्मेलन में भाग लिया। इस दौरान महिलाओं ने पारंपरिक वाद्ययंत्रों, कलश यात्रा और पुष्पवर्षा के साथ उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और महिलाओं के साथ सिलबट्टे पर पहाड़ी नमक पीसा, हाथ की चक्की से अनाज पीसा तथा मथानी से दही भी मथा।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के विकास में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने बताया कि बैणी-भुली योजना के तहत पांच लाख से अधिक महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान करने का लक्ष्य है। योजना की पहली किस्त दिसंबर में सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नंदा गौरा योजना के अंतर्गत बेटी के जन्म पर 11 हजार रुपये और 12वीं उत्तीर्ण करने पर 51 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। उन्होंने सरकारी सेवाओं में महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण और सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण का भी उल्लेख किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने चमोली जिले को करीब 149.77 करोड़ रुपये की 30 विकास योजनाओं की सौगात दी। इनमें लगभग 133.59 करोड़ रुपये की 16 योजनाओं का शिलान्यास और 16.18 करोड़ रुपये की 14 योजनाओं का लोकार्पण शामिल है। इन परियोजनाओं में सड़क, पुल, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण, कृषि, खेल, स्वरोजगार और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया। साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक वितरित किए।

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, विधायक अनिल नौटियाल, भूपाल राम टम्टा, जिलाधिकारी गौरव कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।

Next Story