सीएम धामी ने गंगा में छोड़े 10 हजार मत्स्य बीज, संरक्षण का दिया संदेश

हरिद्वार: विश्व मात्स्यिकी दिवस के अवसर पर रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार के अमरापुर घाट पर गंगा नदी में 10 हजार मत्स्य बीजों का संचयन किया। मत्स्य विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने गंगा की प्राकृतिक मत्स्य संपदा और जलीय जैव विविधता के संरक्षण पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि मां गंगा केवल आस्था और आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक नहीं, बल्कि समृद्ध जैव विविधता और प्राकृतिक संसाधनों का महत्वपूर्ण आधार भी हैं। गंगा की निर्मलता, अविरलता और प्राकृतिक स्वरूप को बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने बताया कि नदियों में उपयुक्त प्रजातियों के मत्स्य बीजों का संचयन प्राकृतिक मत्स्य संपदा बढ़ाने की महत्वपूर्ण पहल है। इससे जलीय पारिस्थितिकी के संरक्षण और मत्स्य संसाधनों के सतत विकास को बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है। इसमें समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने लोगों से गंगा सहित प्रदेश की सभी नदियों को स्वच्छ रखने, जल प्रदूषण रोकने और जलीय जीवों के प्राकृतिक आवासों को सुरक्षित रखने की अपील की।
धामी ने कहा कि प्राकृतिक संसाधन आने वाली पीढ़ियों की अमूल्य धरोहर हैं और विकास के साथ पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, उप जिलाधिकारी योगेश मेहरा और सहायक निदेशक मत्स्य गरिमा मिश्रा सहित कई अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।





