उत्तराखंड

सीएम धामी ने उपनल कर्मचारियों के परिजनों को 50-50 लाख का मुआवजा सौंपा

SHIDDHANT
10 Oct 2025 7:47 PM IST
सीएम धामी ने उपनल कर्मचारियों के परिजनों को 50-50 लाख का मुआवजा सौंपा
x
कर्मचारियों
Dehradun देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उपनल के माध्यम से सेवारत तीन कार्मिकों की दुर्घटना में मौत के बाद उनके आश्रितों को 50-50 लाख रुपए की सहायता राशि दी है। पीड़ित परिवारों को शुक्रवार को सचिवालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सहायता राशि के चेक सौंपे। उपनल के माध्यम से विद्युत वितरण खंड, जसपुर में तैनात बृजेश कुमार की इसी साल जनवरी में और विद्युत वितरण खंड हरिद्वार में तैनात संजीव कुमार की फरवरी में सड़क दुर्घटना में मौत हुई थी, जबकि ब्रिडकुल, देहरादून में तैनात तसलीम ने नवंबर 2024 में सड़क दुर्घटना में ही जान गंवा दी थी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर उत्तराखंड के सरकारी, अर्द्धसरकारी और उपनल कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए कॉर्पोरेट सैलरी पैकेज के तहत अनेक प्रकार की सुविधाएं और बीमा लाभ प्रदान करने के लिए राज्य सरकार और बैंकों के बीच एमओयू किया गया है। राज्य सरकार की इस महत्वपूर्ण पहल के अंतर्गत कार्मिक की दुर्घटना में मृत्यु होने पर उनके परिजनों को सहायता राशि प्रदान की जा रही है। मुख्यमंत्री ने उपनल कर्मचारियों के लिए यह सुविधा प्रदान करने के लिए पंजाब नेशनल बैंक का आभार भी व्यक्त किया।

सीएम धामी ने कहा कि कोई भी सहायता राशि मानव की कमी को तो पूर्ण नहीं कर सकती है, लेकिन कठिन समय में उनके परिवारजनों को आर्थिक संबल प्रदान करने में मदद करती है। सरकार का प्रयास है कि कर्मचारियों को सुरक्षित और सम्मानजनक कार्य वातावरण के साथ ही कठिन परिस्थितियों में उनके परिवार को हर संभव सुविधा उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि कॉर्पोरेट सैलरी पैकेज के तहत राज्य में कर्मचारियों को बीमा और अन्य सुरक्षा प्रदान की जा रही है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार की ओर से अनेक नवाचार किए जा रहे हैं। कर्मचारियों के हितों में अनेक निर्णय लिए गए हैं।
Next Story