उत्तराखंड

CM धामी ने भैलो खेलकर मनाया इगास पर्व, लोकसंस्कृति की दिखी झलक

Admindelhi1
19 Nov 2026 11:32 AM IST
CM धामी ने भैलो खेलकर मनाया इगास पर्व, लोकसंस्कृति की दिखी झलक
x
उत्तराखंड के लोकपर्व इगास में शामिल हुए CM धामी, प्रदेशवासियों को दी बधाई

देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में लोकपर्व इगास पारंपरिक उत्साह और उल्लास के साथ मनाया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने भैलो खेलकर लोक परंपरा का निर्वहन किया। कार्यक्रम में लोकगीतों, लोकनृत्यों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति की झलक देखने को मिली।

मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेशवासियों को इगास पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान, आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि लोकपर्व लोगों को अपनी जड़ों और पूर्वजों की परंपराओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

मुख्यमंत्री ने नई पीढ़ी को इगास, हरेला, फूलदेई, घी संक्रांति और उत्तरायणी जैसे पारंपरिक त्योहारों से परिचित कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आधुनिक दौर में अपनी बोली-भाषा, लोकगीत और लोकनृत्यों का संरक्षण करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

धामी ने प्रवासी उत्तराखंडियों से भी अपनी सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार लोककलाओं, पारंपरिक मेलों और लोकभाषाओं के संरक्षण के लिए प्रयासरत है।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के हेमंत द्विवेदी सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Next Story